पंचायत चुनावों को लेकर जयराम ठाकुर का सरकार पर हमला, बोले- चुनाव प्रभावित करने की हुई कोशिश
Jayaram Thakur attacks the government
मंडी। Jayaram Thakur attacks the government, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर पंचायत चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव टालने का भरसक प्रयास किया, लेकिन न्यायालय के निर्देशों के चलते ऐसा संभव नहीं हो पाया। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन सराहनीय रहा है, जिससे कांग्रेस सरकार घबराई हुई है।
शनिवार को मंडी में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनावों को प्रभावित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों में 50-50 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया। वहीं, कैबिनेट बैठकों में भी ऐसे निर्णय लिए गए, जिनका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना बताया जा रहा है।
पंचायत चुनाव टालने की कोशिश
मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल “साजिश और षड्यंत्र” की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी उनकी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, पहले कर चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों से बचने के लिए सेवा विस्तार दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 31 मई तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक नगर पंचायत और नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने पूरे मामले को लेकर राज्य चुनाव आयोग में शिकायत करने तथा राज्यपाल से मिलकर अपना पक्ष रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
पार्टी अनुशासन के सवाल पर जयराम ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। नेता कितना भी बड़ा क्यों न हो, अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऊना, कांगड़ा सहित अन्य मामलों की जानकारी संगठन के संज्ञान में है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चंपा ठाकुर के दो वोटर आइडी मामले में कोर्ट जाने पर विचार किया जा रहा है।