धरना-प्रदर्शन पर प्रतिबंध के खिलाफ इनेलो का मोर्चा, अभय चौटाला बोले- 25 सितंबर की रैली रोककर दिखाए सरकार
- By Gaurav --
- Monday, 15 Jun, 2026
INLD Opposes Ban On Protests
पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के नाम पर हरियाणा में धरने-प्रदर्शन और राजनीतिक रैलियों पर लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने सरकार के इस फैसले को लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि जनता की आवाज दबाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि 25 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती पर इनेलो विशाल रैली आयोजित करेगी। उन्होंने चुनौतीपूर्ण अंदाज में कहा कि यदि किसी में हिम्मत है तो उस रैली को रोककर दिखाए। तब जनता को भी पता चल जाएगा कि लोकतंत्र की असली ताकत क्या होती है।
अभय चौटाला ने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के नाम पर राजनीतिक गतिविधियों को सीमित करने का फैसला पूरी तरह अव्यावहारिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे फैसले ले रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन, रैली और जनसभाएं राजनीतिक दलों तथा आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकार हैं। इन पर प्रतिबंध लगाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
इनेलो अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी 25 सितंबर को निर्धारित रैली हर हाल में करेगी और इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है।
अभय चौटाला ने सरकार से प्रतिबंध संबंधी फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने की बजाय उसकी बात सुननी चाहिए।