7 राज्यों में अगले 5 दिनों तक बहुत भारी बारिश; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, उत्तर प्रदेश में भीषण हीट वेव का अलर्ट, पढ़ें
IMD Heavy Rain Alert For Seven States Weather Update Monsoon 2026
IMD Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को भारी बारिश होने के संबंध में चेतावनी जारी की है। जिसमें बताया गया है कि अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) होने की संभावना है। यानि सात पूर्वोत्तर राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, नगालैंड, मणिपुर और असम में अगले पांच दिनों के लिए बारिश का यह अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही, 28 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में और 28 जून को असम और मेघालय में कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। जिसके चलते यहां रहने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
दिल्ली, पंजाब, यूपी, राजस्थान में भी बारिश
उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने 28-29 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। इसी तरह 28-30 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं 28 जून से 3 जुलाई के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 29 जून से 3 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और 28 से 30 जून व 1 से 3 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में व 28 जून से 3 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश की संभावाना बनी हुई है।
वहीं जम्मू कश्मीर, लद्दाख में 28 जून से तीन जुलाई के दौरान कहीं-कहीं आंधी तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 30 जून से चार जुलाई, उत्तराखंड में 28 जून से एक जुलाई के दौरान तेज हवाएं चलेंगी। पंजाब में 28 जून और एक से तीन जुलाई के दौरान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान में एक से चार जुलाई के दौरान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 जून और 30 जून से तीन जुलाई के दौरान, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी यूपी में 28 जून से तीन जुलाई के दौरान कहीं-कहीं आंधी तूफान चलने वाला है।
उत्तर प्रदेश में भीषण हीट वेव का अलर्ट
वहीं मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में हीट वेव से लेकर भीषण हीट वेव की स्थिति रहने की संभावना जताई है। बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आने के बाद जहां देश के दक्षिण, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में झमाझम बारिश हो रही है तो वहीं देश के उत्तर-पश्चिम राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान जैसे राज्यों में लोग गर्मी से त्राहि-त्राहि बोल रहे हैं। कई हिस्सों में तो पारा 45 डिग्री को पार कर गया है। लेकिन मौसम के करवट लेने और बारिश होने से जल्द इस झुलसाती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश कब पहुंचेगा मानसून?
उत्तर प्रदेश में गर्मी से परेशान लोग आसमान की तरफ टकटकी लगाये देख रहे हैं और बारिश के इंतजार में हैं। मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बचे हुए हिस्सों, झारखंड और बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में प्रवेश करेगा। इसके बाद के अगले 2-3 दिनों में भी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए हालात अच्छे बने हुए हैं। यानि संभावना है मानसून आने के साथ बारिश की फुहारें पड़ेगीं और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
अब तक कई राज्यों में मानसून की एंट्री
4 जून को केरल के तट से टकराने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ते हुए कई राज्यों को अब तक कवर कर चुका है। हालांकि बीच में अल-नीनो की परिस्थितियों के चलते मानसून की रफ्तार में थोड़ी धीमी भी हुई. लेकिन एक बार फिर से मानसून ने रफ़्तार पकड ली है और मूसलाधार बारिश करवाता हुआ तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, बंगाल, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और बिहार के हिस्सों में एक्टिव हो गया है और तमाम हिस्सों में बारिश हो रही है।
दिल्ली-चंडीगढ़ कब तक पहुंचेगा मानसून?
अगर बात की जाए की दिल्ली और चंडीगढ़ मानसून कब तक पहुंचेगा? राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां आमतौर पर मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक पहुंचता है। लेकिन इस बार मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली पहुंचेगा। इसका असर दिल्ली के आस-पास के इलाकों यानी एनसीआर में भी देखने को मिलेगा। दिल्ली के साथ ही नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद जैसे शहरों में भी मानसून एक साथ दस्तक देगा। इसके अलावा चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में भी मानसून की दस्तक जुलाई के पहले सप्ताह में ही होगी। इस बार मानसून देरी से पहुंच रहा है.