गुजरात के सूरत में दर्दनाक हादसा; ज्वेलरी कंपनी में सेप्टिक टैंक साफ कर रहे इतने मजदूरों की मौत, जहरीली गैस से घुट गया दम

Surat 4 Labours Died Due To Poisonous Gas in Septic Tank Jewelry Company

Surat 4 Labours Died Due To Poisonous Gas in Septic Tank Jewelry Company

Surat 4 Labours Died: गुजरात के सूरत से एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक ज्वेलरी कंपनी में सेप्टिक टैंक साफ कर रहे 4 मजदूरों की मौत हो गई। सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस बनने से चारों मजदूरों का दम घुट गया। वहीं इस घटना से कंपनी और इलाके में हड़कंप मच गया। इधर सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई की। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस घटना की गहन जांच की जा रही है।

सूरत घटना पर पुलिस ने क्या कहा?

मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों मजदूरों की मौत जहरीली गैस से दम घुटने के कारण होने की आशंका जताई है। पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों में अक्सर मौत जहरीली गैस के रिसाव से दम घुटने की वजह से होती है। वहीं पुलिस ने यह भी कहा कि सेप्टिक टैंक में सफाई करने के दौरान मजदूरों के पास जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिखे हैं। पुलिस के अनुसार चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि चारों मजदूरों की मौत की असल वजह क्या है?

सूरत के DCP ने क्या बताया?

इस घटना की ज्यादा जानकारी देते हुए सूरत जोन-1 के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस आलोक कुमार ने बताया कि यह दुखद घटना अश्विनी कुमार इलाके में सुबह-सुबह सेप्टिक टैंक में सफाई के दौरान हुई है। डीसीपी के मुताबिक, ज्वेलरी की सफाई से निकलने वाला कचरा एक सेप्टिक टैंक में जाता है, और जमा हुई गंदगी (स्लज) को हटाने के लिए इसकी नियमित सफाई की जाती है। यह सफाई हर 2 महीने में की जाती है। आज सुबह, 4 लोगों की एक टीम सफाई करने के लिए वहां गई थी। इस प्रक्रिया के दौरान, चारों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने अभी एक्सीडेंटल डेथ (दुर्घटना से मौत) का मामला दर्ज किया है।

DCP ने कहा, पहली नज़र में केमिकल पॉइज़निंग (ज़हरीले केमिकल का असर) ही वजह लगती है, क्योंकि ऐसी स्थितियों में दम घुटने से होने वाली अचानक मौतों में अक्सर केमिकल पॉइज़निंग शामिल होती है। हालांकि, हम तब तक पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकते जब तक डॉक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ़ न हो जाए। वहीं DCP ने कहा कि CCTV फुटेज की शुरुआती जांच में कोई ज़रूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिखे। उनके पास इस गंदगी को संभालने और हटाने के लिए ज़रूरी सही उपकरण नहीं थे, और इसी वजह से यह ज़हरीले केमिकल के असर वाली घटना हुई।