पीएम मोदी 10 जून को तोड़ देंगे चाचा नेहरू का रिकॉर्ड, बन जाएंगे लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री

Modi Longest Serving Elected PM

Modi Longest Serving Elected PM

नई दिल्ली: Modi Longest Serving Elected PM: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को पंडित जवाहरलाल नेहरू का सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. शाहनवाज हुसैन ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने न सिर्फ नेहरू जी का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, बल्कि इससे पहले राजीव गांधी और इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड भी तोड़ चुके हैं.

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "नेहरू-गांधी परिवार के सभी प्रधानमंत्रियों के रिकॉर्ड पीएम मोदी तोड़ चुके हैं." उन्होंने आगे कहा कि 10 जून को मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे.

वहीं टीएमसी पर हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने कहा कि टीएमसी टूटकर बिखर रही और आगे आगे देखिए होता है क्या. पश्चिम बंगाल की राजनीति और तृणमूल कांग्रेस पर बोलते हुए शाहनवाज ने कहा, "टीएमसी का मतलब था कांग्रेस को तोड़कर टीएमसी बनाना, लेकिन अब ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन की बात करने लगी हैं. आखिर INDIA गठबंधन है कहां. इसका कोई संयोजक बना क्या.. इसका कोई दफ्तर है क्या.

उन्होंने कहा कि, जब कोई पार्टी हार जाती है तो ममता INDIA गठबंधन की बात करने लगती है, लेकिन जब सत्ता में होती है तो इसकी बैठक में भी नहीं आतीं." वहीं, तमिलनाडु की राजनीति पर पर बोलते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम के बारे में उन्होंने कहा कि डीएमके अब कांग्रेस से पूरी तरह अलग हो चुकी है. संसद में भी उन्होंने अपनी अलग सीट की मांग कर दी है. उन्होंने कहा कि, डीएमके अब कांग्रेस के खेमे में बैठना नहीं चाहती है.

राज्यसभा में डीएमके की सीटिंग बदलेगी

लोकसभा के बाद अब राज्यसभा में भी डीएमके ने अपनी सीटिंग अरैंजमेंट बदलने की मांग तेज कर दी है. सरकार के सूत्रों के मुताबिक, डीएमके की भावनाओं को राज्यसभा सभापति के पास भेज दिया गया है. वर्तमान में डीएमके कांग्रेस के बगल में पहले विपक्षी ब्लॉक में बैठती है.

प्रस्तावित बदलाव के तहत डीएमके को दूसरे ब्लॉक में शिफ्ट किया जा सकता है, जहां अन्य विपक्षी और तटस्थ पार्टियों के नेता बैठते हैं. डीएमके नेता कनिमोझी ने 7 मई को राज्यसभा सभापति को पत्र लिखकर यह मांग की थी.

इस सवाल पर की क्या, मानसून सत्र में बड़ा खेल होनेवाला है. क्या आने वाले मानसून सत्र में राजनीतिक समीकरण बदलने वाले हैं. इस पर शाहनवाज हुसैन ने कहा, "अभी तो शुरुआत है. टीएमसी टूटकर बिखर रही है, डीएमके कांग्रेस के साथ दिखना नहीं चाहती. उन्होंने कहा कि, आगे-आगे देखिए होता है क्या.