गजब! नकली IAS बन DM से मिलने पहुंचा युवक; खुद को यूपी में नगर आयुक्त बताया, पोल खुली तो अब सिसक-सिसक रो रहा
Bihar Chhapra Fake IAS Officer Video Crime Latest News
Bihar Fake IAS News: अब तो गजब ही हो रहा है। लोग नकली अधिकारी बन जा रहे हैं। वो भी कोई छोटा-मोटा अधिकारी नहीं बल्कि सीधे IAS अधिकारी। अगर IAS का फुल फॉर्म भी पूछ दिया जाए तो सही से न बता पाएंगे। दरअसल बिहार के छपरा जिले से एक ऐसा ही ताजा मामला सामने आया है। जिसमें एक युवक नकली IAS बन यहां के DM (असली IAS) से मिलने पहुंच गया। युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताया और जिला अधिकारी से मुलाक़ात की। लेकिन DM छपरा को शक हुआ तो फिर सारी पोल खुल गई। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
खुद को यूपी में नगर आयुक्त बताया
मिली जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रितेश कुमार है। रितेश का कहना है कि वह डीएम से मिलना चाहता था और मिलने के चक्कर में ही वह IAS बना। ताकि उसकी मुलाक़ात हो जाए। रितेश पहले भी दो बार डीएम छपरा से मुलाक़ात कर चुका था। बताया जाता है कि छपरा के ज़िला अधिकारी वैभव श्रीवास्तव को रितेश कुमार ने अपना परिचय दिया कि वह यूपी कैडर का आईएएस है और इस समय नगर आयुक्त नियुक्त है। रितेश कोट-पैंट और टाई में डीएम से मिलने पहुंचा था ताकि वह ड्रेसअप के साथ वास्तव में अधिकारी ही लगे। लेकिन जब छपरा DM ने रितेश से मुलाक़ात के बीच बातचीत की तो जिला अधिकारी को शक हो गया। जिसके बाद रितेश पकड़ा गया।
अब सिसक-सिसक रो रहा
पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद थाने में जब मीडिया ने नकली IAS रितेश कुमार से बातचीत की तो उसने इस बारे में बताया कि वह क्यों आईएएस बना। उसने नकली IAS बनने के लिए माफी मांगी। बातचीत के दौरान वह सिसक-सिसकर रोता रहा। फिलहाल नकली IAS बने रितेश कुमार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है, बिहार में इस तरह के मामले में पहले भी सामने आ चुके हैं। पिछले दिनों बिहार से एक मामला सामने आया था जिसमें एक युवक 2 लाख रुपये में IPS अधिकारी बनकर घूम रहा था।