प्रधानमंत्री मोदी का G20 समिट में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के लिए प्रस्थान

Pm Modi Visits S Africa G20 Summit

Pm Modi Visits S Africa G20 Summit

नई दिल्ली: Pm Modi Visits S Africa G20 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में होने वाले G20 समिट में भाग लेने के लिए रवाना हुए। इस समिट में वे भारत और ग्लोबल साउथ से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में यह समिट 21 से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित होगा। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब G20 सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप में आयोजित किया जा रहा है।

ग्लोबल साउथ द्वारा आयोजित G20 की पृष्ठभूमि

यह समिट ग्लोबल साउथ द्वारा होस्ट की गई लगातार चौथी G20 बैठक है। इससे पहले यह सम्मेलन इंडोनेशिया, भारत और ब्राजील में आयोजित हो चुका है। साउथ अफ्रीका से पहले, G20 प्रेसीडेंसी ब्राजील (2024), भारत (2023) और इंडोनेशिया (2022) के पास थी। जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी इस समिट में साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के निमंत्रण पर शामिल हो रहे हैं।

पीएम मोदी का अफ्रीकी महाद्वीप में यह चौथा दौरा

21 से 23 नवंबर तक होने वाले समिट में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने इसे अफ्रीकी महाद्वीप में होने वाले पहले G20 समिट के रूप में एक अहम पड़ाव बताया। 2016 में उनके बाइलेटरल दौरे और 2018 तथा 2023 में दो BRICS समिट्स में शामिल होने के बाद यह PM मोदी का चौथा आधिकारिक दौरा है।

नई पहल और वैश्विक सहयोग

विदेश मंत्रालय के सेक्रेटरी (ER) सुधाकर दलेला के अनुसार, G20 एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसमें पिछले सत्रों में देशों ने सामूहिक घोषणा, पायलट प्रोजेक्ट्स की शुरुआत, और ग्लोबल साउथ को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर नई पहल करने पर सहमति जताई। दलेला ने कहा कि यह चर्चाएँ ब्राजील की प्रेसीडेंसी और अब साउथ अफ्रीका की प्रेसीडेंसी में चार मुख्य वर्टिकल्स के तहत आगे बढ़ी हैं। इन क्षेत्रों में पूरे साल कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

इस साल की थीम और प्राथमिकताएँ

G20 में बड़ी अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं, जो ग्लोबल GDP का 85 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का 75 प्रतिशत हिस्सा हैं। इस साल साउथ अफ्रीका की प्रेसीडेंसी की थीम ‘एकजुटता, समानता, स्थिरता’ है, जिसके तहत प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका लोकतांत्रिक देश हैं और उनके सहयोग के तीन मुख्य स्तंभ हैं, जिनमें से एक राजनीतिक सहयोग है।
अफ्रीकन यूनियन, जो भारत की 2023 की प्रेसीडेंसी के दौरान G20 का स्थायी सदस्य बना, इस समिट के एजेंडा को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।