रजनीकांत सड़क किनारे पत्तल पर खाना खाते दिखे; ये तस्वीर देख लोग भी चौंके, बोले- इतना बड़ा सुपरस्टार और इतना साधारण...

Superstar Rajinikanth Spiritual Journey Photos Viral
Rajinikanth Photos Viral: भारत के एक्शन हीरो और सुपरस्टार रजनीकांत सिनेमा और स्टारडम की चकाचौंध भरी दुनिया से दूर होकर इस समय हिमालय की आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हुए हैं। वह अपने कुछ करीबी दोस्तों के साथ उत्तराखंड के ऋषिकेश में घूमते-फिरते नजर आ रहे हैं। अपनी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान वह बेहद सादगी के साथ आम लोगों के बीच एक साधारण जीवन जी रहे हैं। इस बीच ऋषिकेश से सामने आई रजनीकांत की एक तस्वीर बेहद चर्चा में बनी हुई है। इस तस्वीर को देख लोग भी चौंक गए हैं।
रजनीकांत सड़क किनारे पत्तल पर खाना खाते दिखे
दरअसल, साधारण जीवन जीते हुए रजनीकांत की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं हैं। इनमें से एक तस्वीर तो ऐसी है जिसमें वह सड़क के किनारे खड़े होकर पत्तल पर बेहद सादगी से खाना खाते दिख रहे हैं। एक बार में तो लगता ही नहीं है कि जो शख्स सड़क किनारे पत्तल पर खाना खा रहा है वो सुपरस्टार रजनीकांत ही हैं। तस्वीर में रजनीकांत धोती और अंगोछा में खड़े हैं, एक सफ़ेद हाफ बाजू की शर्ट पहन रखी है। तस्वीर सामने आने के बाद रजनीकांत की विनम्रता और जमीन से जुड़े उनके स्वाभाव की खूब तारीफ हो रही है।
लोग बोले- इतना बड़ा सुपरस्टार और इतना साधारण...
सुपरस्टार रजनीकांत सैकड़ों करोड़ के आसपास के मालिक हैं, पूरी दुनिया उनके स्टारडम को सलाम करती है। रजनीकांत की एक एक्शन हीरो के रूप में अलग ही पहचान है। साउथ में कई लोग तो रजनीकांत को भगवान का दर्जा तक देते हैं। लेकिन फिर भी जब रजनीकांत को आम ज़िंदगी जीते हुए देखा जा रहा है तो लोग भी चौंक गए हैं। लोग कह रहे हैं कि घर में कई ब्रांड्स के करोड़ों के प्रोडक्ट्स पड़े होंगे, लेकिन रजनीकांत बिना किसी दिखावे और तामझाम के सिर्फ धोती और अंगोछा लेकर ही घूम रहे हैं।
स्वामी दयानंद आश्रम पहुंचे रजनीकांत
रजनीकांत शनिवार को ऋषिकेश स्थित स्वामी दयानंद आश्रम पहुंचे जहां उन्होंने स्वामी दयानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने गंगा घाट पर ध्यान भी लगाया और गंगा आरती में भी भाग लिया। इसके अलावा रजनीकांत ऋषिकेश के मंदिरों में घूम रहे हैं। मतलब दुनिया की भागदौड़ से दूर रजनीकांत इस समय आध्यात्मिक तौर पर असली शांति के मार्ग पर हैं। किसी भी प्रकार के घमंड में चूर होने की बजाए वो ईश्वर की शरण में हैं। रजनीकांत भी समझ चुके हैं कि कितने भी बड़े सुपरस्टार हो जाओ लेकिन शांति अध्यात्म में ही है।
'कूली' फिल्म ने 500 करोड़ से ज्यादा कमाए
रजनीकांत 500 करोड़ी फिल्म के बाद हिमालय के सफर पर हैं। दरससल हाल ही में आई सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'कूली' ने दुनिया भर में 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था। इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा भी रही। इससे पहले रजनीकांत अपने करियर की कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं। पुराने समय में जब गिने चुने एक्शन हीरो हुआ करते थे तब रजनीकांत की पहचान भारत के एक्शन हीरो के तौर पर थी। आज भी रजनीकांत की फिल्में जबरदस्त एक्शन वाली ही होती हैं।