भारत इनोवेट्स 2026: सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलेगी आधुनिक तकनीक और रिसर्च की नई उड़ान

भारत इनोवेट्स 2026: सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलेगी आधुनिक तकनीक और रिसर्च की नई उड़ान

India Innovates 2026: Government School Students

Government School Students to Soar to New Height

लखनऊ। Government School Students to Soar to New Height, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ देश के उभरते इनोवेशन और तकनीकी बदलावों से जोड़कर भविष्य के लिए तैयार करने में जुट गई है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने 'भारत इनोवेट्स 2026' अभियान के माध्यम से पहली बार गांव और कस्बों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को डीप टेक्नोलॉजी, रिसर्च, नवाचार और वैज्ञानिक सोच से जोड़ने की एक ऐतिहासिक पहल शुरू की है। सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चे तक भी वही आधुनिक सीखने का माहौल पहुंचाना है, जो अब तक केवल बड़े शहरों और चुनिंदा निजी संस्थानों तक ही सीमित माना जाता था।

मई 2026 से परिषदीय और केजीबीवी स्कूलों में शुरू होगा अभियान

शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रदेश के सभी परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में 'भारत इनोवेट्स 2026' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मई 2026 के दौरान सभी विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत स्कूलों में संगोष्ठी, टेक्नोलॉजी आधारित विशेष कक्षाएं, नवाचार क्विज और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक सोच और इनोवेशन कल्चर विकसित करने की पूरी तैयारी की जा रही है

नवाचार क्विज और निबंध प्रतियोगिता से निखरेगी प्रतिभा

इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में 'विकसित भारत के नवाचार परिदृश्य' विषय पर संगोष्ठी और 'डीप टेक्नोलॉजी' विषय पर विशेष कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए 'भारत क्विज- भारत के नवाचार को कौन जानता है?' नामक प्रतियोगिता तथा निबंध लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन सभी गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उनमें गहरी जिज्ञासा, रचनात्मक सोच और रोजमर्रा की समस्याओं को तकनीक से सुलझाने की क्षमता विकसित करना है।

भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होगी नई पीढ़ी

योगी सरकार की दूरगामी रणनीति यह है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी देश और दुनिया में हो रहे तीव्र तकनीकी बदलावों और नवाचारों से पूरी तरह परिचित हों। यही कारण है कि अब प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर ही इनोवेशन और रिसर्च आधारित गतिविधियों को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि जब बच्चों को शुरुआती स्तर पर ही वैज्ञानिक सोच, कोडिंग, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा, तो वे भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के लिए खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकेंगे।

स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग और गतिविधियों का होगा डिजिटलाइजेशन

विद्यालयों में इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) और तकनीकी विशेषज्ञों का सहयोग भी लिया जाएगा। शासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी गतिविधियों को अत्यधिक व्यावहारिक और सहभागितापूर्ण बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसमें रुचि लेकर शामिल हो सकें। इसके साथ ही, विद्यालयों में आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की फोटो, वीडियो और बच्चों द्वारा बनाए गए नवाचारों का बाकायदा दस्तावेजीकरण (Documentation) भी किया जाएगा।

गौरतलब है कि योगी सरकार पहले ही निपुण भारत मिशन, स्कूलों में स्मार्ट क्लास की स्थापना, डिजिटल मॉनिटरिंग और 'ऑपरेशन कायाकल्प' जैसे बड़े अभियानों के जरिए उत्तर प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को एक आधुनिक और पारदर्शी स्वरूप देने पर काम कर रही है। अब 'भारत इनोवेट्स 2026' अभियान को उसी व्यापक विजन का एक अगला और महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जो सरकारी स्कूलों के बच्चों को भविष्य की तकनीक और वैश्विक नवाचार संस्कृति की मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेगा।