उत्तर प्रदेश में बसपा विधायक और ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी
Income Tax Department conducts major raids on
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रही।
गुरुवार दोपहर तक लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विपुल खंड में विधायक के दोनों आवासों पर तलाशी पूरी कर ली गई, जबकि बलिया, वाराणसी, सोनभद्र व प्रयागराज में स्थित ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। आयकर विभाग की तीन टीमों ने गोमतीनगर स्थित आवास, छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कारपोरेट कार्यालय और वजीर हसन रोड पर करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों की गहन जांच की।
सोनभद्र में साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से खनन कारोबार से जुड़े सीबी गुप्ता समेत कई कारोबारियों के ठिकानों को भी खंगाला गया। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं। सोनभद्र और मिर्जापुर में पिछले वर्षों में हुए कथित अवैध खनन से संबंधित दस्तावेजों में कुछ अधिकारियों के नाम और कथित लेन-देन का भी उल्लेख बताया जा रहा है।
आयकर विभाग को आशंका है कि खनन कारोबार के जरिए कई प्रभावशाली लोगों की काली कमाई निवेश की गई है।
गौरतलब है कि बीते वर्ष सीएजी की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का उल्लेख किया गया था। माना जा रहा है कि उसी रिपोर्ट के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।