सीएम बनते ही थलपति विजय का बड़ा वार, स्कूल-मंदिरों के पास बंद होंगी 717 शराब की दुकानें, कमल हासन ने की तारीफ
CM Vijay 717 Liquor Shop
हैदराबाद: CM Vijay 717 Liquor Shop: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद, सी. जोसेफ विजय ने अपना पहला बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया और पूरे राज्य में TASMAC की 717 शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया. ये वो दुकानें हैं, जो पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों (स्कूल/कॉलेज) और बस स्टैंड से 500 मीटर के दायरे में आती हैं. कमल हासन और विशाल जैसे तमिल अभिनेताओं ने एक्स (ट्विटर) पर इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार कमल हासन सीएम की सराहना करने वाले एक्टर्स में से एक हैं. कमल हासन ने एक्स हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'ऐसे समय में जब तमिल परिवार पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंडों के पास स्थित शराब की दुकानों को हटाए जाने की उम्मीद कर रहे थे, तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री और भाई विजय ने सत्ता संभालने के तुरंत बाद यह कदम उठाया है.'
उन्होंने आगे लिखा है, 'शराब की बिक्री कभी भी सरकार का काम नहीं होना चाहिए. सरकार को शराब के प्रवाह को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. तमिलनाडु सरकार को इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. आज, इसकी शुरुआत 717 शराब की दुकानों को बंद करके की गई है. इस संख्या को और बढ़ाया जाना चाहिए. यह कार्रवाई जारी रहनी चाहिए.'
एक्टर विशाल ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया और यह भी लिखा कि शराब की दुकानों की वजह से लड़कियों को किस तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है. उन्होंने लिखा, 'आपको सलाम, आपके लिए सीटियां. आपको मेरा नमन. प्रिय मुख्यमंत्री जोसेफ विजय जी. 717 शराब की दुकानों को बंद करने की घोषणा के लिए आपका धन्यवाद, खासकर उन दुकानों को जो स्कूलों के पास हैं. क्या शानदार कदम है.'
लड़कियों की परेशानी का जिक्र करते हुए विशाल ने आगे लिखा है, 'बहुत सी लड़कियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर एक लड़की जिसे मैं आरके नगर में जानता हूं. उस छात्रा ने शिकायत की थी कि उसे रोजाना TASMAC स्टोर के पास से गुजरते हुए घर पहुंचने में कितना तनाव झेलना पड़ता है.'
एक्टर ने आगे ट्वीट किया, 'वह और आम जनता के बहुत से लोग आपकी और आपके फैसले की तारीफ करेंगे. हमारे सीएम के इस फैसले से, मेरे समेत बहुत से लोगों के चेहरों पर जो मुस्कान आई है, वह इस मुसीबत से हमेशा के लिए छुटकारा दिलाएगी. भगवान आपका भला करे, डियक विजय. मैं आज आपको और आपकी सरकार को सलाम करता हूं.'
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर विजय के पहले कदम ने साफ तौर पर हर किसी को प्रभावित किया है. नागरिक यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि एक्टर से राजनेता बने विजय आने वाले समय में राज्य के लिए और क्या-क्या करेंगे और कौन-कौन से बड़े फैसले लेंगे.