IGP Sukhchain Singh Gill NSA Imposed on 5 Associates of Amritpal

अमृतपाल के 5 साथियों पर NSA लगाया गया; पंजाब पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी, IG हेडक्वार्टर गिल बोले- उसपर भी...

NSA Imposed on 5 Associates of Amritpal

NSA Imposed on 5 Associates of Amritpal: खालिस्तान समर्थक और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल को लेकर पंजाब पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस से बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब पुलिस के IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि, अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ कार्रवाई में गिरफ्तार हुए 5 लोगों पर NSA लगाया गया है। ये पांचों अमृतपाल के काफी करीबी हैं।

वहीं आईजी गिल ने कहा कि, अमृतपाल पर भी NSA लगाया जा सकता है। लेकिन अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई में ही वह इसकी स्पष्ट जानकारी दे पाएंगे। आईजी गिल ने कहा कि, गिरफ्तार हुए लोगों में एक-एक व्यक्ति के खिलाफ तथ्यों का आकलन करने के बाद NSA लगाने की कार्रवाई की जा रही है।

अबतक कुल 114 लोग गिरफ्तार, 5 असम भेजे गए

IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि, अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ कार्रवाई में अब तक 114 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इसके अलावा हत्या की कोशिश, पुलिस पर हमला, पुलिस के काम में दखल, शांति बिगाड़ने और आर्म्स एक्ट के मामलों में 6 FIR दर्ज हुईं हैं।

गिल ने जानकारी दी कि, पहले दिन की कार्रवाई में 78 को गिरफ्तार किया गया, 34 को दूसरे दिन और दो अन्य को रविवार रात को गिरफ्तार किया गया। वहीं गिल ने बताया कि, गिरफ्तार पांच लोग पंजाब से असम भेजे गए हैं। इन पांचों को असम के डिब्रूगढ़ में रखा गया है।

विदेशी फंडिंग हो रही थी, ISI कनेक्शन की जांच

IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि, इस कार्रवाई में अब तक सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आईएसआई का एंगल भी सामने आ रहा है। लगता है कि , अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन को विदेशी फंडिंग हो रही थी।

गिल ने कहा कि,ISI कनेक्शन और विदेशी फंडिंग की बड़े पैमाने पर जांच चल रही है। साथ ही इनके पास जो गाड़ियां हैं। उनके भी सोर्स का पता लगाया जा रहा है कि ये कहां से आईं? आईजी गिल ने बताया कि, पुलिस ने कार्रवाई में अबतक 4 गाड़ियां जब्त की हैं।

अमृतपाल AKF फौज बना रहा था

आईजी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि, अमृतपाल AKF फौज बना रहा था। AKF का पूरा नाम  'आनंदपुर खालसा फोर्स' है। पुलिस को उसके घर और उसके साथियों से बरामद हथियारों पर AKF लिखा मिला है। साथ ही बुलेटप्रूफ जैकेट भी बरामद हुई हैं। आईजी गिल ने जानकारी दी कि, अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई में भारी मात्रा में जो हथियार बरामद हुए हैं।

अमृतपाल गिरफ्तार नहीं हुआ है, गलत खबर न फैलाएं

IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने खासतौर पर यह अपील बार-बार की कि अमृतपाल के गिरफ्तार होने संबंधी खबर न फैलाएं और न ही अमृतपाल को लेकर और कोई अफवाह चलाएं। आईजी गिल ने कहा कि, 'वारिस पंजाब दे' का प्रमुख अमृतपाल सिंह अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। वहीं गिल ने कहा कि, पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बीच राज्य में शांति है, स्थिति स्थिर है, कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ी है। पंजाब के सभी जिलों में पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है। पंजाब पुलिस किसी भी हाल में राज्य में शांति और सौहार्द को खराब नहीं होने देगी।

पंजाब में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी

बतादें कि, खालिस्तान समर्थक अमृतपाल पर कार्रवाई के मद्देनजर पंजाब में हाई अलर्ट है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात है। पूरे पंजाब में इंटेरनेट सेवाओं को बंद रखा गया है। वहीं अमृतपाल पर कार्रवाई का असर चंडीगढ़ और हरियाणा तक भी है। चंडीगढ़ और हरियाणा की सीमाओं पर सख्ती देखी जा रही है।