राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 6 दिवसीय हिमाचल दौरा: 27 अप्रैल को आगमन, अटल टनल का दीदार और पालमपुर में दीक्षांत समारोह

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 6 दिवसीय हिमाचल दौरा: 27 अप्रैल को आगमन, अटल टनल का दीदार और पालमपुर में दीक्षांत समारोह

president-droupadi-murmus-6-day-himachal-

President Droupadi Murmu's 6-Day Himachal Visit

शिमला। President Droupadi Murmu's 6-Day Himachal Visit, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छह दिवसीय हिमाचल दौरा तय हो गया है। राष्ट्रपति 27 अप्रैल को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए हेलीकाप्टर से शिमला पहुंचेंगी। दो मई को उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

वीरवार को दिन में 11 बजे मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में राष्ट्रपति के उप सचिव (सैन्य) ग्रुप कैप्टन अर्पित काला ने प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव अनिल मनकोटिया व अधिकारियों की टीम के साथ बैठक की। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह व पुलिस मुख्यालय से अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

दोपहर दो बजे तक चली बैठक में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से चर्चा हुई। इसके बाद कैप्टन अर्पित काला दिल्ली लौट गए। राष्ट्रपति सचिवालय से राष्ट्रपति के दौरे का कार्यक्रम प्रदेश सरकार को मिल गया है। राष्ट्रपति के संभावित दौरे को देखते हुए शिमला सहित अन्य स्थानों पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 अप्रैल को मुख्य सचिव संजय गुप्ता की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में दौरे को अंतिम रूप दिया जाएगा।

शिमला पहुंचकर मशोबरा में होगा ठहराव

27 अप्रैल को राष्ट्रपति का ठहराव शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में रहेगा। पहले दिन औपचारिक गतिविधियों के साथ विश्राम और आंतरिक बैठकें प्रस्तावित हैं। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति लाहुल स्पीति के सिस्सू हेलीपैड पहुंचकर अटल रोहतांग सुरंग का निरीक्षण करेंगी।

यहां राष्ट्रपति नार्थ पोर्टल से साउथ पोर्टल तक पैदल भ्रमण करेंगी और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों द्वारा टनल की तकनीकी जानकारी और प्रस्तुतीकरण भी लिया जाएगा। इस दौरान फोटो सेशन और मॉडल रूम में विस्तृत ब्रीफिंग भी तय है।

कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दीक्षा समारोह में होंगी मुख्य अतिथि

30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान छात्रों को डिग्रियां देने के साथ संबोधन होगा। 30 अप्रैल शाम को राष्ट्रपति शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा करेंगी। यहां सेना की प्रशिक्षण गतिविधियों और व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगी।

मशोबरा में एट होम समारोह और मुलाकातें

एक मई को मशोबरा में एट होम समारोह आयोजित होगा, जिसमें राज्य के गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके अलावा कुछ निर्धारित मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं। दौरे के अंतिम दिन दो मई को राष्ट्रपति हेलीकाप्टर से चंडीगढ़ और वहां से विमान द्वारा दिल्ली लौटेंगी।