हिसार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से 2 की मौत, 7 घायल
- By Gaurav --
- Monday, 13 Apr, 2026
Horrific Road Accident on Hisar Highway
हरियाणा के हिसार नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मायड़ टोल के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार ऑटो में सवार होकर धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहा था। रास्ते में मायड़ टोल के पास चाय पीने के लिए ऑटो रोका गया था। इसी दौरान पीछे एक कार भी आकर खड़ी हो गई। तभी दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पीछे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे बढ़कर ऑटो से जा टकराई। इस हादसे में ऑटो सवार महिला कमलेश की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कार सवार सोनीपत निवासी सतीश ने भी दम तोड़ दिया।
घटना में मनोज और अतुल के हाथ-पांव टूट गए, जबकि अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर किया गया। दो घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी सोनू के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।