नूंह में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, यूपी पुलिस के 4 जवानों सहित 5 की मौत

नूंह में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, यूपी पुलिस के 4 जवानों सहित 5 की मौत

Horrific Road Accident in Nuh

Horrific Road Accident in Nuh

तावड़ू (नूंह)। Horrific Road Accident in Nuh, कुंडली मानेसर-पलवल मार्ग पर जिले के धुलावट टाेल प्लाजा के समीप खड़े ट्रक में पीछे से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। जिससे स्कॉर्पियो कार के परखच्चे उड़े गए।

कार में सवार उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों समेत पांच की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। चारों जवान उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई थाने में तैनात थे। जिनमें दो सब इंस्पेक्टर व दो सिपाही शामिल थे।

स्कोर्पियों कार चालक अमरीक पंजाब के संगरूर जिले के जोगिया पट्टी का रहने वाला था। अमरीक के भाई के अपहरण के मामले में उरई पुलिस की टीम जांच के लिए हरियाणा के जींद जिले में जा रही थी।

मंगलवार को सुबह लगभग 10 बजे उस वक्त हुआ जब धुलावट टोल प्लाजा के समीप एक अज्ञात ट्रक चालक ट्रक को केएमपी मार्ग पर खड़ा करके पास ही बने चाय के खोके से कुछ सामना लेने के लिए गया हुआ था। घटना के बाद ट्रक चालक अपने ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी अनसुना कर रहा प्रशासन

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी राजमार्गो के साथ-साथ अवैध रूप से बने ढाबे होटल व खोके हटाने के आदेशों के बाद इन्हें नहीं हटाए जाने से प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठने लगे हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के उरई थाना पुलिस ने बीते तीन मई को वादी अमरीक सिंह की शिकायत पर उसके भाई का अपहरण का मामला दर्ज किया था।

इस मामले की जांच के लिए पुलिस की चार सदस्य पुलिस की टीम जिसमें सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक कुमार, सिपाही प्रदीप कुमार वादी अमरीक के साथ जांच के लिए बीते सोमवार को जालौन जिले के उरई क थाने से काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर वादी को साथ लेकर हरियाणा के जींद जा रहे थे।

जैसे ही कार धुलावट टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा,सामने सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पास के खोखे पर चाय पीने चला गया था, तभी पीछे से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो ने उसमें टक्कर मार दी।

बुरी तरह फंसे थे शव

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस,तावड़ू सदर थाना पुलिस और डीएसपी तावड़ू अभिमन्यु लोहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

स्कॉर्पियो में शव बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूंह भेज दिया गया है।

मृतकों की पहचान सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव (32) निवासी आदमपुर थाना सौरिख, सब-इंस्पेक्टर सत्यभान (59) निवासी अलीपुर जटिमाला जिला कासगंज, सिपाही अशोक कुमार (28) निवासी बबेरू जिला बांदा, सिपाही प्रदीप कुमार (30) निवासी रायबरेली तथा चालक अमरीक सिंह जिला संगरू के रूप में हुई है।

डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी भी बाद में मौके पर पहुंचे।

फिलहाल मामले की पुलिस जांच कर रही है,जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहन को माना जा रहा है।