कोटा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस पलटी, 3 की मौत और 23 घायल

कोटा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस पलटी, 3 की मौत और 23 घायल

Horrific Road Accident in Kota

Horrific Road Accident in Kota

Rajasthan : Horrific Road Accident in Kota, राजस्थान के कोटा जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. शहर के आरके पुरम थाना इलाके में स्थित हैंगिंग ब्रिज के पास नया गांव के नजदीक एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस उछलकर सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी और पलट गई. इस भीषण दुर्घटना में बस सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है.

अहमदाबाद से भिंड जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, यह बस गुजरात के अहमदाबाद से मध्य प्रदेश के भिंड और मुरैना की ओर जा रही थी. चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि सो रहे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. बस जैसे ही डिवाइडर से टकराकर पलटी, मौके पर चीख-पुकार और कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस और नगर निगम का रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया.

 

एसपी तेजस्विनी गौतम खुद मौके पर पहुंचीं

हादसे की गंभीरता को देखते हुए कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम खुद मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने 3 यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी 23 घायलों का इलाज जारी है. राहत की बात यह है कि एसपी के मुताबिक फिलहाल सभी 23 घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. हादसे का शिकार हुए ज्यादातर लोग मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं.

क्षमता से ज्यादा सवारियां, गैलरी में भी बैठे थे लोग

हादसे में घायल हुए यात्री सोमवीर सिंह सिकरवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बस में क्षमता से कहीं ज्यादा लोग सवार थे. सोमवीर के अनुसार, बस में 60 से ज्यादा सवारियां थीं और स्लीपर कोच होने के बावजूद करीब 10 लोग गैलरी में बैठकर सफर कर रहे थे. इसी भीड़ और तेज रफ्तार के बीच जब हादसा हुआ, तो किसी को कुछ समझ नहीं आया.