छपरा में भीषण सड़क हादसा: चार लोगों की मौत, कई घायल

छपरा में भीषण सड़क हादसा: चार लोगों की मौत, कई घायल

Horrific Road Accident in Chhapra

Horrific Road Accident in Chhapra

 छपरा। Horrific Road Accident in Chhapra, छपरा शहर से सटे डॉ. पीएन सिंह डिग्री कालेज के समीप बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा से जुड़ी दो महिला कर्मियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में सड़क पर बिखरे पड़े थे।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पिकअप पलटने के बाद ट्रक की टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की एक आर्केस्ट्रा पार्टी छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत कर लौट रही थी।

इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे उनकी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गाड़ी के पलटते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

दो महिला कलाकारों समेत चार की मौत

इस दुर्घटना में दो महिला कलाकारों सहित कुल चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में जारी है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

सभी मृतक उत्तर प्रदेश के निवासी

पुलिस के अनुसार, मृतक एवं घायल सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।