हिमाचल कांग्रेस में विवाद: नीरज भारती ने प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया, सरकार की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
Infighting in Himachal Congress
Infighting in Himachal Congress: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कृषि मंत्री चंद्र कुमार के बेटे पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को भेजने की बात की है। उन्होंने लिखा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि उन्होंने हमेशा कांग्रेस के एक समर्पित, निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में पूरी निष्ठा से काम किया है। पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए दिन-रात मेहनत की। हालांकि, वर्तमान राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली एवं व्यवस्था से वह बेहद असंतुष्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने उन मेहनती और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को निराश किया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में पार्टी का झंडा उठाए रखा।
सरकार के खिलाफ टिप्पणी पर नीरज को जारी किया था नोटिस
जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए संघर्ष किया और जनता के बीच लड़ाई लड़ी, आज वही स्वयं को असहाय महसूस कर रहे हैं। सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ती दूरी निराशा और हताशा का कारण बन रही है। गुरुवार को ही जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की ओर से नीरज भारती को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसमें उनसे 10 दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा था। नोटिस में पिछले कुछ दिनों में नीरज भारती की ओर से सोशल मीडिया पर सरकार-संगठन की नीतियों पर की गई टिप्पणियों को पार्टी के प्रतिकूल प्रतीत होने की बात कही थी। संगठन की ओर से कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई।
प्रदेश और जिला अध्यक्ष ने ये कहा
नीरज भारती को शिमला बुलाकर उनसे बात की जाएगी। यह मामला नोटिस में नहीं है। न ही जिला अध्यक्ष की ओर से भेजे गए नोटिस के बारे में जानकारी है। इस मामले को बातचीत करके सुलझा दिया जाएगा।
- विनय कुमार, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष
हमने नीरज भारती को सोशल मीडिया पर अनुशासनहीनता वाली टिप्पणियां करने पर नोटिस दिया था। उन्होंने इस्तीफा पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को दिया होगा।- अनुराग शर्मा, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस, कांगड़ा
