हरिद्वार हाईवे पर भीषण हादसा: नशे में धुत कार चालक ने ली युवक की जान; पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और लाठीचार्ज
Horrific Accident on Haridwar Highway
श्यामपुर (हरिद्वार)। Horrific Accident on Haridwar Highway, हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर नशे में धुत एक कार चालक ने पैदल जा रहे युवक और एक स्कूटी सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई। गुस्साए स्वजन और बस्ती के ग्रामीणों ने चंडीघाट पुलिस चौकी में जमकर हंगामा काटा।
आरोपित का चेहरा देखने की मांग पर अड़ी महिलाओं व कुछ युवाओं ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ भी कर डाली।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए लाठियां फटकारते हुए आरोपितों को खदेड़ा। देर रात एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने भी पुलिस चौकी पहुंचकर स्वजन से बातचीत की।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को चंडी घाट बस्ती निवासी प्रवेश कांगड़ी से हरिद्वार की ओर आ रहे थे। तभी चंडीघाट चौकी के समीप पीछे से आ रही कार ने प्रवेश को टक्कर मार दी।
इसके साथ ही एक अन्य स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रवेश की मौत हो गई। जबकि स्कूटी पर सवार सौरभ अग्रवाल निवासी सर्वप्रिय विहार, कनखल सहित दो युवक घायल हो गए।
पुलिस ने शव कब्जे ले लिया और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। इसके साथ ही नशे में धुत आरोपित कार चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
युवक की मौत की सूचना के बाद चंडीघाट बस्ती के लोग एकत्र होने लगे, जिसमें कई महिलाएं भी शामिल थी। वे पुलिस से मांग करने लगे कि एक बार कार चालक की शक्ल दिखाएं
गुस्से में वह आरोपित को नुकसान पहुंचा सकते थे, इसलिए पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझने के बाद भी लोग जिद पर अड़े रहे।
इस बीच कुछ महिलाओं ने आगे आकर चौकी पर तोड़फोड़ करने शुरू कर दी। चौकी के शीशे के गेट को तोड़कर वहां कुर्सियों से भी हमला करने लगे।
इसके बाद मजबूरन पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। काफी देर तक पुलिस और हंगामा करने वालों के मध्य गहमागहमी चलती रही, उसके बाद पुलिस ने हंगामा करने वाले सभी को काफी दूर खदेड़ा।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने स्वजनों से वार्ता करते हुए आरोपित चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।