Hisar Range Police Relieves

45 साल से ज्यादा उम्र के पुलिसकर्मी अब नहीं करेंगे नाकों पर ड्यूटी

undefined

Hisar Range Police Relieves

हरियाणा के रतिया क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक ASI की मौत के बाद हिसार रेंज पुलिस प्रशासन ने पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। KK Rao ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को एडवाइजरी जारी करते हुए 45 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस कर्मचारियों को नाकों और ट्रैफिक प्वाइंट की ड्यूटी से हटाने के निर्देश दिए हैं।

आदेश जारी होने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों के भीतर ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव कर दिया जाएगा।

ADGP द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि भीषण गर्मी और हीट वेव के दौरान लंबे समय तक नाकाबंदी और सड़क पर ड्यूटी करने से पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नाके पर लगातार तीन घंटे से अधिक ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।

इसके अलावा अगर कोई विशेष अलर्ट या कानून व्यवस्था से जुड़ी बड़ी घटना नहीं होती है, तो सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नाकों को हटाने की भी अनुमति दी गई है। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे कर्मचारियों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कम होंगे।

एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि 45 वर्ष से अधिक आयु वाले पुलिस कर्मचारियों को अब थाना, चौकी और कार्यालय स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्हें लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहने वाली ड्यूटी से राहत दी जाएगी।

पुलिस विभाग का कहना है कि यह फैसला कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।