नड्डा के हिमाचल दौरे पर सरकार का पलटवार, मंत्रियों ने कहा- जनता ने भाजपा की राजनीति को नकारा

Government hits back at Naddas Himachal

Government hits back at Nadda's Himachal

 शिमला। Government hits back at Nadda's Himachal, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के हिमाचल दौरे और राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। दोनों मंत्रियों ने कहा कि हिमाचल सरकार को गिराने के लिए अटैची का चलन भाजपा ने शुरू किया था। जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। पंचायत चुनावों पर भी भाजपा झूठे आकंडे पेश न करें। दोनों मंत्रियों ने नड्डा पर राजनीतिक बयानबाजी का आरोप लगाया।



धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का रिकार्ड है कि जिस भी पद पर रहे दस साल तक रहे। भाजपा नेताओं में भी इसको लेकर चर्चा है। उन्होंने कहा कि वह दस साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे। इसी से भाजपा नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है।

नड्डा से बड़ी उम्मीदें थीं पर मिला कुछ नहीं

शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर व राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के दौरे से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उनका पूरा दौरा केवल राजनीतिक टिप्पणियों तक सीमित रह गया। उन्होंने कहा कि केंद्र में जब यूपीए सरकार थी तो राज्य सरकारों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध होते थे। उस समय केंद्रीय मंत्री हिमाचल आते थे तो बड़ी सौगात देकर जाते थे।

पी चिदंबरम ने शिमला से ही आइआइटी व केंद्रीय विवि की घोषणा की थी। यूपीए सरकार के दौरान हिमाचल को दो मेडिकल कॉलेज और टांडा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं मिलीं। हमीरपुर में भी मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई थी। 

नड्डा के आंकड़े झूठे

उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय मंत्री प्रदेश सरकार से संवाद स्थापित करते, वित्तीय चुनौतियों पर चर्चा करते और केंद्र से कोई ठोस सहायता दिलाते, तो हिमाचल को वास्तविक लाभ मिलता। रोहित ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आरडीजी बंद कर दी है, राज्य की ऋण सीमा को कम किया, आपदा राहत के लिए पीएम द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता अब तक लंबित पड़ी है। नड्डा ने जो आकंड़े पेश किए हैं वह पूरी तरह झूठे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में हुए उप चुनाव में भाजपा मंडी संसदीय सीट तक हार गई थी। 

प्रदेश के हित में कोई प्रभावी पहल नहीं की

तकनीकी शिक्षा मंत्री मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बीबीएमबी और शानन परियोजना जैसे मुद्दों पर भी केंद्र सरकार और नड्डा ने प्रदेश के हित में कोई प्रभावी पहल नहीं की। नड्डा का दौरा महज मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने तक सीमित रहा। 

नड्डा के लिए शिमला दूर

रोहित ठाकुर व धर्माणी ने कहा कि भाजपा पांच गुटों में बंटी पार्टी है। एक धड़ा मंडी से सीएम बनाने की आस लगाए बैठा है। दूसरा कांगड़ा व कोई हमीरपुर से आस लगाए बैठा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नड्डा के लिए शिमला अभी दूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सपष्ट करे कि उनका मुख्यमंत्री कहां से होगा।