Himachal Nikay Chunav Result: हिमाचल निकाय चुनाव में BJP का दबदबा; 3 नगर निगमों में सत्ताधारी कांग्रेस को हराया

हिमाचल निकाय चुनाव में BJP का दबदबा; 3 नगर निगमों में सत्ताधारी कांग्रेस को हराया, 1 नगर निगम में पंजे की जीत, यहां देखें नतीजे

Himachal Nikay Chunav Result 2026 BJP Wins 3 Nagar Nigam vs Congress

Himachal Nikay Chunav Result 2026 BJP Wins 3 Nagar Nigam vs Congress

Himachal Nikay Chunav Result 2026: हिमाचल निकाय चुनाव 2026 के नतीजे आज रविवार (31 मई) को घोषित कर दिए गए हैं। सामने आए नतीजों के अनुसार, हिमाचल के नगर निगमों में बीजेपी का दबदबा रहा है। बीजेपी ने हिमाचल के चार निगर निगम 'सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला' में से 3 पर बड़ी जीत हासिल की है। सोलन, मंडी और धर्मशाला नगर निगम पर बीजेपी ने कब्जा जमाया है। मंडी में बीजेपी ने 12, सोलन में 10 और धर्मशाला में 11 सीटों पर जीत दर्ज की और तीनों नगर निगमों में सत्ताधारी कांग्रेस को हरा दिया।

हालांकि बीजेपी पालमपुर नगर निगम नहीं जीत पाई और यहां एक बार फिर से कांग्रेस ने अपना कब्जा जमाया। पालमपुर में कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि यहां बीजेपी दो सीटें ही जीत पाई है। वहीं, कांग्रेस ने मंडी में 1, धर्मशाला में 6 और सोलन में भी 6  सीटें जीती हैं। बता दें कि हिमाचल के नगर निगम चुनाव नतीजों के साथ-साथ आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नतीजे भी घोषित किए जा रहे हैं। सुबह 9 बजे से मतगणना का कार्य शुरू कर दिया गया था। सबसे पहले नगर निगमों के नतीजे घोषित किए गए।

Himachal Nagar Nikay Chunav Result

जीत से बीजेपी गदगद

हिमाचल निकाय चुनाव में जीत से बीजेपी गदगद नजर आ रही है और इस जीत को 2027 के आने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रही है। इस जीत के बाद हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि अगली बार विधानसभा चुनाव में हिमाचल से कांग्रेस का बीज समाप्त करके रहेंगे। ठाकुर ने कहा, ''हिमाचल प्रदेश के 4 में 3 नगर निगमों में “कमल” खिला है। नगर निगमों में मिली यह सफलता भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का प्रतिफल है। भाजपा की यह प्रचंड जीत विकास और सुशासन की जीत है। यह विजय हम सभी के लिए जनसेवा के प्रति हमारी जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाती है।''

जयराम ठाकुर ने आगे कहा, ''हिमाचल की जनता ने कांग्रेस सरकार की राजनीति को नकारते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर एक बार फिर अटूट विश्वास जताया है। अब आने वाले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ होना तय है। प्रदेश को झूठी गारंटियों वाली सरकार और झूठा मुख्यमंत्री नहीं चाहिए। हम प्रदेश के प्रत्येक मतदाता, कार्यकर्ता एवं समर्थक का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने भाजपा पर अपना विश्वास जताया। जनता के इस स्नेह और समर्थन को हम विनम्रता के साथ स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाते हैं कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।''