हिमाचल निकाय चुनाव: सीएम के क्षेत्र देहरा में टूटा भाजपा का किला, 30 निकायों पर कांग्रेस का दावा; तो बिंदल बोले- 18 नगर परिषदों में खिला 'कमल'
Himachal civic elections: BJP's stronghold broken
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के चुनाव को सत्ता के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। हालांकि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का पलड़ा कुछ भारी नजर आ रहा है और कई स्थानों पर त्रिकोणीय मुकाबले भी हुए हैं। नगर परिषद और नगर पंचायत की स्थिति तब स्पष्ट होगी जब भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बना पाएंगे।
हिमाचल में पार्टी चुनाव चिह्न पर हुए चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन के चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। 47 शहरी निकायों में 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत के चुनाव, जो पार्टी चुनाव चिह्न पर नहीं हुए के परिणाम रविवार को ही घोषित कर दिए गए हैं।
अब तक यह है स्थिति
20 नगर निकायों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि 17 में कांग्रेस, पांच में निर्दलीय और पांच में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इनमें निर्दलीय की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
2021 में क्या रहे थे समीकरण
वर्ष 2021 में हुए शहरी निकाय चुनाव में तत्कालीन भाजपा सरकार ने अधिकतर नगर पंचायत और नगर परिषदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनने में सफलता प्राप्त की थी। हालांकि, कांग्रेस के सत्तासीन होने के बाद अविश्वास प्रस्ताव के चलते कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बन गए थे।
प्रदेश की राजनीति में हलचल
इन परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। कई निकायों में मुकाबला बराबरी पर छूटा, जिससे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में जोड़तोड़ और राजनीतिक समीकरण महत्वपूर्ण हो गए हैं।
सीएम की पत्नी ने दिया भाजपा का झटका
नगर परिषद देहरा और ज्वालामुखी में कांग्रेस ने जीत हासिल कर भाजपा को बड़ा झटका दिया। मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र देहरा में भाजपा का वर्षों पुराना दबदबा इस बार टूटता नजर आया। लगातार अध्यक्ष पद पर कब्जा करती आ रही भाजपा केवल दो वार्डों तक सिमट गई।
नाहन में भाजपा की लगातार तीसरी जीत
नाहन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हारे वर्तमान में हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों में से भाजपा समर्थित प्रत्याशी सात सीटों पर विजयी दिलाने में कामयाब रहे।
शिमला जिले में कांग्रेस का पलड़ा मजबूत
शिमला जिले के शहरी निकायों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का प्रदर्शन मजबूत रहा। नगर पंचायत जुब्बल में कांग्रेस समर्थित छह उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि भाजपा केवल एक सीट जीत सकी। चौपाल में कांग्रेस समर्थित पांच प्रत्याशी विजयी रहे। नेरवा में निर्दलीयों का दबदबा रहा, रामपुर नगर परिषद में भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी चार-चार सीटों पर विजयी रहे, जबकि एक सीट अन्य के खाते में गई। ठियोग नगर परिषद में भी भाजपा और कांग्रेस को तीन-तीन सीटें मिलीं और एक सीट अन्य के खाते में गई।
कांग्रेस व भाजपा का 30 निकायों में जीत का दावा
पूरे प्रदेश में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार भाजपा से आगे रहे हैं। 30 शहरी निकायों में कांग्रेस को बढ़त मिली है, जबकि कुछ अन्य जगहों पर निर्दलीयों का समर्थन भी कांग्रेस के पक्ष में जा सकता है। हिमराल ने इस जीत को सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का परिणाम बताया। उनका कहना है कि जनता ने विकास और जनहित के मुद्दों पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस का साथ दिया है।
-हरिकृष्ण हिमराल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव25 नगर परिषदों में से 18 में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बहुमत हासिल किया है। 22 नगर पंचायतों में से 12 में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे। बिलासपुर, कांगड़ा, महासू, सोलन, ऊना और सुंदरनगर में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस मंत्रियों एवं विधायकों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी भाजपा ने जीत हासिल की।
-डा. राजीव बिंदल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष।