हिमाचल में भीषण हादसा; गहरी खाई में गिरी गुजरात के टूरिस्टों से भरी गाड़ी, इतने लोगों की दर्दनाक मौत, पल भर में सब हुआ खत्म
Himachal Chamba Road Accident Gujarat Tourists Death Breaking News
Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश में जानलेवा हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। एक बार फिर अब चंबा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। सोमवार सुबह यहां काकीरा क्षेत्र के पास टूरिस्टों से भरी एक गाड़ी लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें चालक समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मरने वालों में 5 लोग गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जबकि मृतक चालक मंडी का रहने वाला बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
धर्मशाला से डलहौजी घूमने जा रहे थे
मिली जानकारी के मुताबिक, यह भयानक हादसा उस दौरान हुआ जब टूरिस्ट धर्मशाला से डलहौजी घूमने जा रहे थे। इसी बीच चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर ककीरा के पास इनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई और खाई में गिर गई। जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना आनन-फानन में पुलिस को दी। इधर सूचना मिलते ही तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को बचाने के लिए तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ आगामी कार्रवाई शुरू की गई। घायलों को फौरन इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया।
चंबा में कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
आखिर इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ? इस बारे में पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं पुलिस ने हादसे में मारे गए सभी लोगों के शव अपने कब्जे में ले लिए हैं। मृतकों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। दुखद बात है कि सभी मृतक एक ही परिवार से हैं। एक पल में इन सबकी खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। क्या सोचकर गुजरात से हिमाचल टूर पर आए होंगे और क्या हो गया। वो दोबारा घर भी नहीं लौट पाये। शायद इसी को ज़िंदगी की अनिश्चितता कहते हैं की कब क्या हो जाये, ज़िंदगी का कुछ पता नहीं। सब एक पल में खत्म हो जाता है।
पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाना खतरे से भरा
हिमाचल में वाहनों के खाई में गिरने के हादसे बढ़ते जा रहे हैं। अक्सर सुनने को मिलता है कि कहीं यहां वाहन खाई में गिर गया, तो कहीं वहां वाहन खाई में गिर गया। अबतक हिमाचल में हुए ऐसे हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है और ये आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। दरअसल, हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ों के बीच मौजूद रास्ते बेहद कठिन और खतरे भरे हो जाते हैं। जरा सी चूक और जिंदगी खत्म वाला यहां हाल है। पहाड़ों के बीच तंग हालत में गुजरने वाले रास्ते हादसों को दावत देते रहते हैं।