कानपुर में हाईप्रोफाइल ड्रग्स पार्टी का भंडाफोड़, एनआरआई सिटी क्लब पर पुलिस का छापा
High-Profile Drugs Party Busted in Kanpur
नवाबगंज क्षेत्र के एनआरआई सिटी क्लब में चली पार्टी में 140 लोग थे शामिल
दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, कानपुर आईआईटी और सीएसजेएमयू कानपुर के छात्र भी थे
कानपुर। High-Profile Drugs Party Busted in Kanpur, कानपुर में हाईप्रोफाइल ड्रग्स नाइट पार्टी का खुलासा हुआ। पुलिस ने एनआरआई सिटी में चल रही पार्टी पर शनिवार तड़के करीब ढाई बजे छापा मारा। देश के कई राज्यों के अलावा आईआईटी कानपुर के भी युवक और युवतियां थे। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार रात पुलिस ने एनआरआइ सिटी में आयोजित एक हाईप्रोफाइल पार्टी में छापा मारा तो शहर में ड्रग्स नाइट पार्टी होने की जानकारी सामने आई। देश के कई राज्यों से 140 से ज्यादा रईसजादे नशेड़ी यहां जुटे थे। इन्हें इंस्ट्राग्राम पर प्रचार के माध्यम से एक-एक हजार रुपये की इंट्री फीस लेकर ड्रग्स पार्टी में शामिल होने का मौका दिया गया था।
पार्टी से ये सब मिला
पुलिस को यहां से प्रतिबंधित और सबसे महंगे ड्रग्स में शुमार एलएसडी (लाइसर्जिक एसिड डाई एथलामाइड) सहित कोकिन, चरस, गांजा और बड़ी संख्या में शराब मिली है। पुलिस ने एलएससी के सप्लायर, पार्टी के आयोजक को गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह की पार्टी आयोजित करने के लिए एनआरआइ सिटी के आरडब्ल्यू को बयानों के लिए नोटिस जारी किया गया है। ऐसी आशंका है कि नशे की आंड़ में यहां सेक्स रैकेट भी संचालित हो रहा था।
पार्टी में 140 लोग मौजूद थे
कमिश्नरेट पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने शुक्रवार रात करीब ढाई बजे एडीसीपी सुमित सुधारक रामटेके के नेतृत्व में एनआरआइ सिटी में चल रही नाइट पार्टी में छापा मारा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो यहां पर लगभग 140 लोग मौजूद थे। सभी नशे में धुत थे। लोगों को देखकर सहज अंदाजा लगाया जा सकता था कि इन्होंने ड्रग्स लिया है।
ये था पार्टी का आयोजक
इसके बाद तलाश में मौके से पुलिस को .15 ग्राम एलएसडी, 1.19 ग्राम कोकिन, 5.49 ग्राम चरस, 23.47 ग्राम गांजा, .6 ग्राम हसीस, पांच क्रशर, स्माकिंग फिल्टर मिले। पुलिस ने इसके बाद पार्टी के आयोजक जाजमऊ निवासी फरदीन को गिरफ्तार कर पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। सामने आया कि इंस्ट्राग्राम पर शोनिक शिफ्ट नाम से पार्टी आयोजित की गई थी, जिसकी इंट्री फीस 999 रुपये तय की गई थी।
राजस्थान से लाते थे LSD
इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर ही मौके पर मौजूद मोहित जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। मोहित जायसवाल ही वह व्यक्ति है, जो राजस्थान के पुष्कर से एसएसडी के अलावा अन्य ड्रग्स की सप्लाई पार्टी के लिए करता था। मोहित गुमटी नंबर पांच का रहने वाला है। फरदीन लेदर कारोबारी है, जबकि मोहित हार्डवेयर कारोबारी।
दो आईआईटी के
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि हाईप्रोफाइल ड्रग्स पार्टी में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, मध्यप्रदेश से रईसजादे नशा करने आए थे। शहर से भी बड़ी संख्या में अमीर घरों के युवा यहां थे, जिसमें दो ने खुद को आईआईटी कानपुर का छात्र भी बताया। हालांकि किसी भी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया और चेतावनी देकर छोड़ दिया।