हेजलवुड-भुवनेश्वर गेंदबाजी ने दिल्ली कैपिटल्स को किया पस्त, RCB ने 9 विकेट से जीता मुकाबला
Lowest Power Play Score In IPL
Lowest Power Play Score In IPL: जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की शानदार गेंदबाजी की बदौलत, डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सोमवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में एकतरफा मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) पर 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की.
भुवी और हेजलवुड की जोड़ी ने नई गेंद से की गई अपनी घातक गेंदबाजी से DC के बैटिंग ऑर्डर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. मेजबान टीम 16.3 ओवर में सिर्फ 75 रन पर ही ढेर हो गई.
इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने क्रमशः 34 और 23 नाबाद रन बनाकर 81 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया. जिसके साथ ये आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हुए दूसरी जीत है.
हेजलवुड और भुवनेश्वर ने मिलकर पहले चार ओवरों के अंदर ही छह विकेट चटका दिए. हेजलवुड ने 12 रन देकर 4 विकेट चटकाए और भुवनेश्वर ने 5 रन देकर 3 विकेट लिए. इम्पैक्ट प्लेयर अभिषेक पोरेल के 33 गेंदों पर बनाए गए 30 रन ही DC की इस निराशाजनक बैटिंग में एकमात्र उम्मीद की किरण थे. इसके अलावा 8 बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके.
DC IPL के इतिहास में सिर्फ दूसरी ऐसी टीम बन गई है जिसने बिना बारिश से प्रभावित हुए मैच में पावर-प्ले के अंदर ही अपने छह विकेट गंवा दिए. इससे पहले ऐसा सिर्फ एक बार IPL 2011 में हुआ था, जब कोच्चि टस्कर्स का डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 6 ओवर में 29/6 का स्कोर था.
भुवनेश्वर और हेजलवुड IPL के इतिहास में गेंदबाजों की ऐसी पहली जोड़ी बन गए, जिन्होंने एक ही मैच के पावरप्ले के दौरान तीन-तीन विकेट हासिल किए. यह इस बात का प्रमाण था कि उन्होंने DC को कितनी बुरी तरह से ध्वस्त कर दिया था.
जब छह ओवर का खेल समाप्त हुआ, तो दिल्ली का स्कोर 13/6 था, जो IPL के इतिहास में पावरप्ले के दौरान बने सबसे कम स्कोर का नया रिकॉर्ड है.
IPL में सबसे कम पावरप्ले स्कोर
- 13/6 - DC बनाम RCB, दिल्ली, 2026
- 14/2 - RR बनाम RCB, केप टाउन, 2009
- 14/3 - SRH बनाम RR, पुणे, 2022
- 15/2 - CSK बनाम KKR, कोलकाता, 2011
- 16/1 - CSK बनाम DD, रायपुर, 2015
- 16/1 - CSK बनाम RCB, चेन्नई, 2019
IPL में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हुए सफल चेज
- 87 गेंद - MI बनाम KKR, वानखेड़े, 2008 (लक्ष्य: 68)
- 81 गेंद - RCB बनाम DC, दिल्ली, 2026 (लक्ष्य: 76)
- 76 गेंद - KTK बनाम RR, इंदौर, 2021 (लक्ष्य: 98)
- 73 गेंद - KXIP बनाम DC, मोहाली, 2017 (लक्ष्य: 68)
- 72 गेंद - SRH बनाम RCB, ब्रेबोर्न, 2022 (लक्ष्य: 69)
IPL में DC के सबसे कम स्कोर
- 66 बनाम MI, दिल्ली, 2017 (दूसरी पारी)
- 67 बनाम KXIP, मोहाली, 2017 (पहली पारी)
- 75 बनाम RCB, दिल्ली, 2026 (पहली पारी)*
- 80 बनाम SRH, हैदराबाद, 2013 (पहली पारी)
- 82 बनाम CSK, दिल्ली, 2013 (दूसरी पारी)