अंबाला में सनसनीखेज वारदात: विवाहिता का शव कार से मिला, गला रेतकर हत्या की पुष्टि
Sensational incident in Ambala
अंबाला शहर। Sensational incident in Ambala, निजी अस्पताल के पास से रहस्यमय ढंग से लापता हुई विवाहिता मनिंद्र कौर (35) का शव रविवार की सुबह गांव गोबिंदगढ़ में स्विफ्ट कार की पिछली सीट पर मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई है।
जिस कार से शव मिला, उसका मालिक 26 वर्षीय मनिंद्र सिंह भी शनिवार की रात 12 बजे से लापता है। उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। रविवार सुबह पुलिस ने पहले मनिंद्र कौर की गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। शाम को हत्या का केस दर्ज किया गया।
हमायुपुर की मनिंद्र कौर की शादी पंजाब के गांव बटौली के जसलप्रीत सिंह से हुई थी। दंपती सेक्टर-8 में किराये पर रह रहा था। गत 23 जून से उसकी मां सरजिंद्र कौर पंकज गर्ग अस्पताल में भर्ती थीं। यहां उनकी देखभाल मनिंद्र कौर कर रही थीं। 27 जून को दोपहर करीब 12:10 बजे वह अस्पताल से नारियल पानी लेने गई, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
रविवार सुबह बलदेव नगर थाने में पुलिस ने मनिंद्र कौर के भाई सुखबीर की शिकायत पर उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज किया। कुछ घंटे बाद सुबह करीब नौ बजे गोबिंदगढ़ निवासी मनिंद्र सिंह की मां ने घर के गैराज के पास खड़ी स्विफ्ट कार की पिछली सीट पर महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
नग्गल थाना एसएचओ कर्मवीर मौके पर पहुंचे और उन्होंने सूचना बलदेव नगर थाना पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी धर्मबीर, सीन आफ क्राइम और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। महिला की पहचान मनिंद्र कौर के रूप में हुई। शाम करीब छह बजे डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार मनिंद्र की मौत गला रेतने से हुई है। बलदेव नगर थाना पुलिस ने पति जसलप्रीत सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
कार से मिला चाकू, दो जोड़ी नए सैंडल और उत्तेजना पैदा करने वाली दवा
जांच में कार से एक चाकू, दो जोड़ी नए सैंडल, शापिंग रैपर, उत्तेजना बढ़ाने वाली दवाएं, पैन कार्ड, आधार कार्ड, महिला के दस्तावेज और किसान सदस्यता कार्ड बरामद हुए हैं। शव को कार से उतारते समय महिला के एक पैर में ही सैंडल था।
12 बजे गैराज में खड़ी की गई कार
मनिंद्र सिंह की मां ने बताया कि शनिवार की रात करीब 12 बजे कार को घर में गैराज में खड़ी किया गया था। स्विफ्ट यहां किसने खड़ी की यह पता नहीं चला। समाचार लिखे जाने तक कार के मालिक मनिंद्र सिंह का पता नहीं चल पाया। मनिंद्र कौर की 14 वर्षीय बेटी भी है।
महिला मनिंद्र कौर की गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। सूचना मिली थी कि गोबिंदगढ़ गांव कार में महिला का शव है। जब उसकी शिनाख्त की तो वह मनिंद्र कौर का मिला। हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -धर्मबीर, बलदेव नगर थाना प्रभारी।