डेटिंग ऐप टिंडर पर महिला जज के साथ बड़ा धोखा; जिसे दोस्त बनाया उसने लाखों का चूना लगाया, बदनामी के डर से नौकरानी को पीड़िता बनाया
Haryana Woman Judge Tinder Fraud Honey Trap Case News Update
Woman Judge Tinder Fraud Case: ऑनलाइन डेटिंग ऐप टिंडर पर धोखाधड़ी के कई मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। लेकिन अब जो मामला सामने आया है वो चौंकाने वाला है। क्योंकि इस बार हरियाणा की एक महिला जज साहिबा ही टिंडर पर धोखाधड़ी का शिकार हो गईं। महिला जज को टिंडर पर न सच्ची दोस्ती मिली और न सच्चा प्यार, बल्कि इस सबके चक्कर में करीब 52 लाख रुपये गवां दिए। महिला जज ने टिंडर पर जिससे दोस्ती की। उसी ने हनीट्रैप में फंसाकर मोटा चूना लगाया। वहीं जब जज मैडम को अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो बदनामी के डर से खुलकर शिकायत भी नहीं दे पाईं।
बदनामी के डर से नौकरानी को पीड़िता बनाया
दिल्ली की एक अदालत में इस पूरे मामले के पहुंचने के बाद इस बात का खुलासा हुआ की हरियाणा की महिला जज ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत अपनी नौकरानी के नाम से दी है। यानि जज मैडम ने बदनामी के डर से और अपनी इज्जत बचाने के लिए अपने घर में काम करने वाली नौकराने को इस पूरे मामले में पीड़िता बनाया। उससे शिकायत दर्ज कारवाई। लेकिन कोर्ट में जांच और सुनवाई के दौरान पूरा खेल खुल गया। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में घरेलू सहायिका असल पीड़ित नहीं है। बल्कि हनीट्रैप में फंसाकर असली शिकार महिला जज को बनाया गया है। बदनामी के डर से जज ने खुद सामने आने के बजाय अपनी नौकरानी के नाम का इस्तेमाल किया।
कोर्ट ने गंभीर चिंता जताते हुए की कड़ी टिप्पणी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टिंडर पर हनीट्रैप के जाल में महिला जज के फंसने और फिर इस पूरे मामले में नौकरानी को आगे करने पर कोर्ट ने गंभीर चिंता जताते हुए कड़ी टिप्पणी भी की। कोर्ट ने महिला जज से कहा कि पहचान नहीं छिपानी चाहिए थी, क्योंकि पैसों के लेनदेन के सबूत नौकरानी के बैंक स्टेटमेंट में तो हैं ही नहीं। कोर्ट ने ये भी कहा हनीट्रैप जैसे जाल में फंसना बेहद व्यक्तिगत रूप से शर्मनाक और पेशेवर रूप से संवेदनशील हो सकता है। लेकिन जब एक जज ही कानून के सामने सीधे आने के बजाय अप्रत्यक्ष रास्ता चुनती हैं तो इससे पूरी जांच प्रणाली धूमिल होती है। बताया जाता है कि कोर्ट ने इस मामले में पकड़े गए आरोपी की जमानत याचिका खारिज भी कर दी।
जिसे दोस्त बनाया उसने कैसे लगाया लाखों का चूना?
बताया जाता है कि हरियाणा की उक्त महिला जज साहिबा ने डेटिंग ऐप टिंडर पर प्रोफाइल बनाकर दोस्त खोजा। प्रोफ़ाइल में अपने जज को पहचान छिपाकर रखी। वहीं नवंबर 2025 में महिला जज की मुलाकात टिंडर पर आरोपी से हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों में रोमांटिक बातचीत होने लगी। इस दौरान दोस्ती इतनी गहरी हुई कि आरोपी ने महिला जज को अपने झांसे में लेकर ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग में इन्वेस्टमेंट और बदले में मुनाफे के नाम पर 52,81,999 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। लेकिन महिला जज को झटका तब लगा, जब पैसा मिलते ही आरोपी ग़ायब हो गया। इसके बाद जज साहिबा को धोखाधड़ी और हनीट्रैप का शिकार होने का एहसास हुआ।
क्या है टिंडर?
टिंडर एक लोकप्रिय डेटिंग ऐप (Dating App Tinder) है, जहां यूज़र अपनी प्रोफाइल बनाते हैं और यहां दोस्त खोजते हैं। जब कोई पसंद आ जाता है तो उससे दोस्ती की जाती है और इसके बाद यह 'मैच' बनने पर दोनों एक-दूसरे से चैट कर सकते हैं। टिंडर पर अलग-अलग उम्र और लिंग के लोग मौजूद हैं। जो अपने लिए यहां दोस्त खोजते रहते हैं. ऐसे में टिंडर पर कई ठग भी एक्टिव हैं जो शातिर तरीके से लोगों को चूना लगा रहे हैं। पुलिस ने भी कई बार लोगों को टिंडर पर दोस्ती करने से पहले सावधान किया है। इसलिए आप भी सतर्क रहें, कहीं ऐसा न हो दोस्ती और प्यार पाने के चक्कर में लुट जायें।