Anil Vij Raid Panchkula: पंचकूला में 'गब्बर' के एक्शन से हड़कंप; मंत्री अनिल विज ने बिजली विभाग के दफ्तर पर मारा छापा

पंचकूला में 'गब्बर' के एक्शन से हड़कंप; मंत्री अनिल विज ने बिजली विभाग के दफ्तर पर अचानक मारा छापा, जानें फिर क्या हुआ?

Haryana Minister Anil Vij Raid Panchkula Electricity Department Office

Haryana Minister Anil Vij Raid Panchkula Electricity Department Office

Anil Vij Raid Panchkula: 'गब्बर' के नाम से मशहूर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज एक्शन मोड में नजर आए हैं। विज ने बुधवार दोपहर पंचकूला के सेक्टर-20 में बिजली विभाग के दफ्तर पर अचानक छापा मारा। जिससे वहां अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विज के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही विभाग के तमाम अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचते देखे गए। वहीं छापेमारी के दौरान विज ने विभागीय कामकाज की विस्तृत जांच की और स्टाफ से सारी जानकारी ली। विज ने तमाम रिकॉर्ड भी खुद चेक किए और खामियां पाये जाने पर फटकार भी लगाई।

बिजली विभाग के हेल्पलाइन कॉल सेंटर पहुंचे विज

दरअसल मंत्री अनिल विज ने बिजली विभाग के कॉल सेंटर का अचानक दौरा किया। यहां पहुंचने के बाद विज ने उपभोक्ता शिकायत हेल्पलाइन कार्यप्रणाली,  रिस्पांस सिस्टम और समाधान की प्रक्रिया को जांचा। विज ने मौके पर कर्मचारियों और अधिकारियों से भी शिकायतों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का तय समयसीमा के भीतर प्रभावी और तेज ढंग से समाधान किया जाये। इसके साथ ही विज ने बिजली आपूर्ती बाधित होने और सप्लाई बहाल करने में लापरवाही न बरते जाने की बात कही और कहा कि यह सुनिश्चित हो कि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपभोक्ताओं से खुद फोन पर की बात

औचक निरीक्षण के दौरान विज ने खुद कई उपभोक्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत भी की और विभाग के कामकाज और हेल्पलाइन 1912 पर शिकायतों के समाधान की स्थिति को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी। इस बीच कुछ उपभोक्ताओं ने विभाग के काम को लेकर संतोष जताया तो वहीं कुछ मामलों में उपभोक्ताओं की ओर से सही रिस्पांस न मिलने की बात सामने आई। यह जानकर विज ने तुरंत अधिकारियों को सुधार के लिए निर्देश दिया और कहा कि उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना कराने वाले और शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरत रहे कर्मचारियों की जवाबदेही तय हो और कार्रवाई की जाए।

फिलहाल विज ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना लापरवाही के सही ढंग से काम करने का निर्देश दिया है। विज ने चेतावनी दी की अगर कामकाज में किसी भी तरह की लापरवाही बरती जाती है या भ्रष्टाचार किया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात रहे कि हरियाणा के 'गब्बर' अनिल विज को अक्सर कड़े अंदाज में देखा जाता है। काम के प्रति लापरवाही बरतने और लोगों की सुनवाई न करने वाले अधिकारियों पर विज इस कदर कड़ा रुख अख्तियार करते हैं कि सीधा सस्पेंड करने का ही निर्देश दे डालते हैं। यही कारण है कि विज की कार्यशैली से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मची रहती है।

सुर्खियों में रहते अनिल विज

बीजेपी के सीनियर नेता और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री 72 वर्षीय अनिल विज अपने अलग और खुले अंदाज को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अनिल विज को अक्सर अधिकारियों की क्लास लगाते हुए देखा जाता है। वह अधिकारियों पर बेहद सख्त तेवर अपनाने के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि अनिल विज हरियाणा के लोगों में 'गब्बर' के नाम से भी मशहूर हैं। विज के सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर आठ लाख से ज्यादा फोलोअर्स हैं। वह फेसबुक के साथ-साथ X पर भी काफी एक्टिव हैं और विपक्ष के नेताओं व तमाम मुद्दों पर अपनी बयानबाजी करते रहते हैं। यही नहीं विज कभी-कभी तो अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर देते हैं।

अंबाला कैंट से सातवीं बार विधायक बने विज

अनिल विज विधानसभा चुनाव 2024 में लगातार 7वीं बार अंबाला कैंट से विधायक बनकर आए। जिसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी के मंत्रिमंडल में जगह दी गई. विज को ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री बनाया गया। इससे पहले हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व वाले बीजेपी के दूसरे कार्यकाल में विज के पास गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय था। लेकिन इस बार गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय विज के पास नहीं आया। जिसके बारे में काफी ज्यादा चर्चा रही और यह माना गया कि विज का कद घट गया है।

विज ने अंबाला कैंट से सबसे पहला विधानसभा चुनाव साल 1991 में लड़ा था और जीत हासिल की थी। वहीं 1996 और 2000 में, उन्होंने एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और दोनों बार जीत दर्ज की। हालांकि, विज 2005 का चुनाव हार गए। इसके बाद वह 2009 में फिर से अंबाला कैंट से विधायक के रूप में चुने गए। वहीं 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में भी अनिल विज (Anil Vij) ने अंबाला कैंट से जीत दर्ज की।