Haryana May Offer 100%

हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों पर मिल सकती है 100% टैक्स छूट, परिवहन मंत्री अनिल विज ने बढ़ाई फाइल

undefined

Haryana May Offer 100%

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ और दिल्ली की तर्ज पर ईवी वाहनों पर शत-प्रतिशत टैक्स छूट देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में फाइल आगे बढ़ा दी गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रेरित हों।

चंडीगढ़ में कैबिनेट बैठक से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि यदि इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैक्स में राहत दी जाती है तो लोगों का रुझान तेजी से ईवी वाहनों की ओर बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने जा रही है, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

विज ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदूषण कम करना और हरित परिवहन को बढ़ावा देना है। इसी दिशा में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर टैक्स छूट देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाए जाने संबंधी सवाल पर अनिल विज ने कहा कि किसी भी प्रस्ताव को कैबिनेट में लाने का अधिकार मुख्यमंत्री के पास होता है। कौन-सा प्रस्ताव बैठक में शामिल किया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री ही लेते हैं। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच लगातार वर्चुअल बैठकें और समन्वय जारी रहता है तथा कई प्रशासनिक कार्य टेलीफोन के माध्यम से भी पूरे किए जाते हैं।