हरियाणा में पेयजल संकट पर सरकार सख्त, लापरवाही पर अधिकारियों पर कार्रवाई
Haryana Government Cracks Down
Haryana में बढ़ती गर्मी और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री Ranbir Gangwa ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में बिना रुकावट स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने विभागीय बैठक के दौरान पेयजल व्यवस्था, जल संरक्षण, जल निकासी और फ्लड सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में रणबीर गंगवा ने साफ कहा कि पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में हांसी और चरखी दादरी के दो एसडीओ और दो जेई को निलंबित किया गया है, जबकि आदमपुर के एक एसडीओ और एक जेई को चार्जशीट किया गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष फोकस पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण बढ़ाने और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर है। उन्होंने अधिकारियों को जल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान करने और किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।