हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, NEET अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा सुविधा
- By Gaurav --
- Sunday, 24 May, 2026
Haryana Government Announces
नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने राज्य के नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए 20 और 21 जून को हरियाणा रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने की घोषणा की है। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
सरकार के अनुसार सभी परीक्षार्थी इन दो दिनों में हरियाणा रोडवेज की किसी भी बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए छात्रों को केवल अपना नीट एडमिट कार्ड दिखाना होगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने जाने वाले विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार परीक्षा केंद्र दूसरे जिलों या शहरों में होने के कारण विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार की यह पहल परीक्षार्थियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान बसों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी छात्र को यात्रा संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक सुगम और समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।