12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर सख्ती, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने जारी किए निर्देश
Haryana Electricity Transmission Corporation issues directives to take strict action against nationw
12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर एक ओर कर्मचारी संगठनों ने व्यापक तैयारी तेज कर दी है, वहीं दूसरी ओर सरकार और विभागीय प्रबंधन ने भी सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) ने हड़ताल के मद्देनजर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 12 फरवरी को सामान्य परिस्थितियों में किसी भी कर्मचारी को अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। केवल अत्यंत आवश्यक और विशेष परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी कारण दर्ज करते हुए छुट्टी प्रदान कर सकेंगे।
निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई कर्मचारी आदेशों की अवहेलना कर हड़ताल में शामिल होता है या अन्य कर्मचारियों को इसके लिए प्रेरित करता है, तो उसे ड्यूटी से अनुपस्थित माना जाएगा। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ‘नो वर्क, नो वेज’ का सिद्धांत लागू रहेगा। सभी कार्यालयों में निर्देशों को नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने तथा सब-स्टेशनों पर शिफ्ट ड्यूटी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। निगम ने यह भी कहा है कि भविष्य में किसी भी हड़ताल या धरने की स्थिति में यही नियम प्रभावी रहेंगे।
उधर, आल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर्स यूनियन ने केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों के आह्वान पर हड़ताल में शामिल होने का नोटिस दिया है।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने दावा किया है कि केंद्र और राज्य सरकार की कथित कर्मचारी एवं मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध में 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल ऐतिहासिक रूप से सफल होगी। उन्होंने बताया कि 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों तथा केंद्र व राज्य सरकारों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के सैकड़ों कर्मचारी संगठनों की संयुक्त पहल पर यह हड़ताल बुलाई गई है।
लांबा के अनुसार, राज्य में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और सीटू सहित विभिन्न संगठनों ने हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है। पिछले दस दिनों से सात जत्थे प्रदेश के सभी 22 जिलों में जनसभाएं कर रहे हैं। सीटू, इंटक, एटक, हिंद मजदूर सभा, एआईयूटीयूसी, हरियाणा कर्मचारी महासंघ, बैंक एवं बीमा कर्मचारी संगठन, डाक और दूरसंचार कर्मचारी संघ सहित अनेक यूनियनें हड़ताल में भाग लेने की तैयारी में हैं।
ऐसे में 12 फरवरी को बिजली व्यवस्था और अन्य सरकारी सेवाओं पर संभावित प्रभाव को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।