हमीरपुर: बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मास मेले का भव्य शुभारंभ
Grand Inauguration of the Chaitra Month
हमीरपुर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर में शनिवार से चैत्र मास के पावन मेलों का भव्य शुभारंभ हो गया। मेले की शुरुआत परंपरागत झंडा रस्म के साथ हुई। अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर अभिषेक कुमार गर्ग ने विधिवत पूजा अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजा-अर्चना के बीच बाबा बालक नाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
मेले के पहले ही दिन करीब 35 से 40 हजार श्रद्धालु बाबा के दरबार में माथा टेकने पहुंचे। दूरदराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
श्रद्धालुओं के लिए खास प्रबंध
प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भारी तादाद में पहुंचते हैं श्रद्धालु
हर वर्ष की तरह इस बार भी चैत्र मास के मेलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। बाबा बालक नाथ के दरबार में माथा टेकने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी भक्तों का लगातार आगमन जारी है।
अतिरिक्त जवान तैनात
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस व होमगार्ड के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। एसडीएम बड़सर स्वामी डोगरा ने बताया कि चैत्र मेलों को लेकर प्रशासन ने विभिन्न विभागों की टीमें तैनात कर दी गई हैं।