पूर्व सीएम खंडूड़ी हरिद्वार में पंच तत्व में विलीन, सीएम धामी सहित कई नेताओं ने दिया कंधा
Funeral of Bhuwan Chandra Khanduri
हरिद्वार: Funeral of Bhuwan Chandra Khanduri: पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के श्मशान घाट पर हुआ. राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी गई. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, सांसद अनिल बलूनी समेत तमाम सांसद, कैबिनेट मंत्री और नेता श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे.
सभी नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रिटायर्ड) बीसी खंडूड़ी के निधन को अपूरणीय क्षति बताया. बीसी खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी. मीडिया से अनुभव साझा करते हुए भी तमाम नेताओं ने भुवन चंद्र खंडूड़ी के जीवन को अनुशासन और जन सेवा की मिसाल बताया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि,
दिवंगत भुवन चंद्र खंडूड़ी का अचानक जाना अपूर्णीय क्षति है. वो हमारे अभिभावक थे, समय समय उनका मार्गदर्शन हमें मिलता रहा है. उनकी कमी को पूरा किया नहीं जा सकता, लेकिन उनके आदर्श हमें हमेशा याद आते रहेंगे.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री-
पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि,
खंडूड़ी जी सद्चरित, अनुशासन और विकास के उदाहरण थे. आज वो हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उनके यह काम हमें हमेशा याद आते रहेंगे. उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए उदाहरण हमेशा के लिए लाभदायक रहेंगे और काम आते रहेंगे.
-भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व राज्यपाल-
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि,
खंडूड़ी जी ने देश के देश के विकास में अहम योगदान दिया है. उनके द्वारा बनाए गए सड़कों के जाल आज भी देश के काम आ रहे हैं. वो देश के अंदर स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी योजना लेकर आए थे वो, देश के काम आ रहे हैं.
-अनिल बलूनी, सांसद-
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि,
भुवन चंद खंडूड़ी ने सेना, मुख्यमंत्री और मंत्री जैसे पदों पर रहते हुए देश की सेवा की है. वो सुलझे हुए विचार के तपस्वी व्यक्तित्व वाले नेता थे. आज वो हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके कार्यकाल को हमेशा याद किया जाएगा.
-मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री-