अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026: बलिदानियों को श्रद्धांजलि के साथ यूपी में शुरू हुआ 'सुरक्षित समाज' अभियान
Fire Safety Week 2026: 'Safe Society' Campaign Launched in UP
राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि।
उत्तर प्रदेश में 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह।
सुरक्षित विद्यालय, अस्पताल व जागरूक समाज अभियान का मुख्य विषय।
लखनऊ। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा द्वारा मंगलवार को बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।इन आयोजनों के साथ ही 14 से 20 अप्रैल तक चलने वाले अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण को महानिदेशक उ.प्र. अग्निशमन एवं आपात सेवा सुजीत कुमार पाण्डेय ने फ्लैग पिन लगाया।
हजरतगंज फायर स्टेशन स्थित शहीद स्मारक पर महानिदेशक द्वारा पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद अग्निशमन कार्मिकों को श्रद्धांजलि दी गई। यह दिवस 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डाक में हुए भीषण विस्फोट में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है।
इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह का विशेष अभियान “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” विषय पर केंद्रित है। इसके तहत प्रदेशभर में माक ड्रिल, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अग्निशमन सेवा का उद्देश्य न केवल आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाना है, बल्कि आमजन को आग से बचाव के प्रति सजग और प्रशिक्षित करना भी है। जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।