उन्नाव फैक्ट्री हादसा: पायलिंग मशीन का डीजल टैंक फटने से आग, ऑपरेटर की मौत, मजदूरों का हंगामा
Fire Erupts After Piling Machine's Diesel Tank Explodes
उन्नाव। Fire Erupts After Piling Machine's Diesel Tank Explodes, बीयर व कोल्डड्रिंक के केन बनाने वाली फैक्ट्री में निर्माण कार्य के दौरान पायलिंग मशीन की हाइड्रोलिंग में आई खराबी को ठीक करने के दौरान मशीन का डीजल टैंक फट गया। आग लगने से रिपेयरिंग कार्य में लगे द्वितीय आपरेटर की जलकर मौत हो गई।
मजदूरों ने मुआवजा व कार्रवाई की मांग कर पुलिस को शव उठाने नहीं दिया और हंगामा किया। फैक्ट्री प्रबंधन ने मशीन के डीजल टैंक में गैस बनने से उसके फटने की बात कही है। पुलिस ने स्वजन को घटना की जानकारी दी है।
दही क्षेत्र के सरांय कटियान औद्योगिक एरिया में कैन पैक फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान पायलिंग मशीन (डीप बोरिंग कर पिलर खड़ा करने वाली ट्रक में बंधी मशीन) की हाइड्रोलिक मोटर खराब हो गई।
द्वितीय आपरेटर बदायूं जिला के हजरतपुर क्षेत्र के कोडरा गांव निवासी 32 वर्षीय उमेश सिंह पुत्र गजेंद्र अपने मुख्य आपरेटर अवधेश सिंह के साथ मोटर की रिपेयरिंग कर रहा था। शाम लगभग छह बजे पायलिंग मशीन का डीजल टैंक तेज आवाज में फटा और आग लग गई।
अवधेश ने तो मशीन से नीचे कूदकर जान बचा ली पर उमेश सिंह की आग की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। कार्यकारी संस्था इस्कान प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना देकर परिसर में मौजूद पानी के टैंकरों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। मार्ग अवरुद्ध होने से दमकल मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस पर गाड़ी वहीं खड़ी कर फायर कर्मी मौके पर जांच करने पहुंचे। पुलिस ने भी जांच शुरू की है। पुलिस में जैसे ही शव को उठाने का प्रयास किया वहां काम कर रहे 50 से अधिक मजदूरों ने मुआवजे व कार्रवाई की मांग कर शव को उठने नहीं दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कहा कि जब तक दिवंगत आपरेटर के स्वजन नहीं आ जाते वह शव को उठने नहीं देंगे। पुलिस ने स्वजन को जानकारी दी। जिस पर स्वजन ने शीघ्र वहां पहुंचने की बात कही। उमेश पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्वजन की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।