ट्रिब्यून चौक फ्लाईओवर की फाइनेंशियल बिड टली, जल्द खुलेगी निविदा

ट्रिब्यून चौक फ्लाईओवर की फाइनेंशियल बिड टली, जल्द खुलेगी निविदा

Financial Bid for Tribune Chowk Flyover

Financial Bid for Tribune Chowk Flyover

चंडीगढ़ (साजन शर्मा): शहर के बहुप्रतीक्षित ट्रिब्यून फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को लेकर फाइनेंशियल बिड खोलने की प्रक्रिया मंगलवार को तकनीकी कारणों के चलते टाल दी गई। यूटी इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बिड अब एक-दो दिन में खोली जाएगी और इसके बाद प्रोजेक्ट का ठेका एक एजेंसी को आवंटित कर दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, इस वर्ष फरवरी में जारी टेंडर प्रक्रिया में कुल 12 कंपनियों ने भाग लिया था। हाई-पावर्ड जॉइंट टेक्निकल कमेटी द्वारा तकनीकी मूल्यांकन के बाद 8 एजेंसियों को योग्य पाया गया है।

अब इन्हीं आठ एजेंसियों की फाइनेंशियल बिड खोली जानी है।


करीब सात वर्षों से लंबित पड़े इस प्रोजेक्ट को पिछले साल जुलाई में मंत्रालय से मंजूरी मिली थी, लेकिन प्रशासन को टेंडर जारी करने में लगभग सात महीने का समय लग गया।
प्रस्तावित फ्लाईओवर लगभग 1.6 किलोमीटर लंबा होगा। अनुमान है कि इसका निर्माण कार्य अप्रैल के अंत तक शुरू हो जाएगा और इसे दो वर्षों में पूरा किया जाएगा।
ट्रिब्यून चौक शहर के सबसे व्यस्त ट्रैफिक जंक्शनों में से एक है, जहां प्रतिदिन लगभग 1.43 लाख वाहन, जिनमें करीब 1.35 लाख कारें शामिल हैं, गुजरती हैं। फ्लाईओवर बनने से इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।