हरियाणा के फरीदाबाद में इंटरनेट सर्विस सस्पेंड; गृह विभाग की तरफ से आदेश जारी, तनाव के मद्देनजर बल्क SMS की सेवा भी रोकी
Faridabad Internet Service Suspend Order Issued By Home Department
Faridabad Internet Service Suspend: हरियाणा में फरीदाबाद के NIT जोन इलाके में शनिवार (30 मई) को होने वाली तोड़फोड़ (Demolition Drive) की कार्रवाई के दौरान यहां मोबाइल इंटरनेट सर्विस अस्थाई रूप से सस्पेंड कर दी गई है। हरियाणा गृह विभाग की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, फरीदाबाद डिप्टी कमिश्नर और एडीजीपी/सीआईडी द्वारा शांति भंग, तनाव पैदा होने और सार्वजनिक हिंसा से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताए जाने पर यह फैसला लिया गया है। इलाके में मोबाइल इंटरनेट सर्विस के साथ बल्क SMS सर्विस और सभी डोंगल सर्विस को भी रोकने का आदेश दिया गया है।
NIT जोन इलाके के 1 किलोमीटर के दायरे इंटरनेट बंद
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि फरीदाबाद जिले के NIT जोन इलाके में 30 मई 12:30 बजे से 30 मई रात 11 बजे तक मोबाइल इंटरनेट/डोंगल इंटरनेट सेवा को सस्पेंड किया गया है। इसके साथ ही बल्क SMS (मोबाइल रिचार्ज मैसेज, बैंकिंग मैसेज को छोड़कर) पर भी रोक रहेगी। हालांकि, मोबाइल वॉयस कॉल चालू रखी गई है। वहीं कॉर्पोरेट और घरेलू घरों की ब्रॉडबैंड और लीज़ लाइन से मिलने वाली इंटरनेट सर्विस को भी छूट दी गई है। हरियाणा सरकार के अनुसार, तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक शांति और सौहार्द के बिगड़ने और तनाव की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाना जरुरी है। NIT जोन इलाके के 1 किलोमीटर के दायरे इंटरनेट बंद रहेगा।
गलत जानकारी और अफवाह फैलाकर भड़काया जा सकता
इंटरनेट पर रोक लगाते हुए गृह विभाग के एडिशनल सेक्रेटरी ने कहा कि इंटरनेट सेवा और बल्क एसएमएस सेवा के दुरूपयोग के साथ विभिन्न सोशल प्लेटफ़ार्म्स के जरिए अफवाह और गलत जानकारी फैलाई जा सकती है। लोगों को भड़काकर तनाव और हिंसा की स्थिति पैदा की जा सकती है। प्रदर्शनकारियों की भीड़ आगजनी या तोड़-फोड़ और दूसरी तरह की हिंसक गतिविधियों में शामिल होकर जान-माल को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने से सार्वजनिक और निजी संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचाने का खतरा है। वहीं गृह विभाग ने स्पष्ट ने कहा कि अगर उपरोक्त आदेश का उल्लंघन किया जाता है तो दोषी पर संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
