यूपी में आंधी-बारिश से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में राहत, सरकार ने पहुंचाई त्वरित सहायता

यूपी में आंधी-बारिश से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में राहत, सरकार ने पहुंचाई त्वरित सहायता

1000220926

Families affected by the storm and rain in Uttar Pradesh received relief

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हाल ही में आई तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जन-धन हानि के बाद सरकार ने त्वरित राहत देकर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश पर 24 घंटे के भीतर पीड़ितों तक मुआवजा पहुंचाने की कार्रवाई की गई, जिससे प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक संबल मिल सका। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों बहराइच, रायबरेली, फतेहपुर और वाराणसी में प्रभारी मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर न केवल राहत राशि वितरित की, बल्कि शोक संतप्त परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस भी बंधाया।

बहराइच में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने महसी क्षेत्र के ग्राम चांदपारा के मजरा महेशपुरवा पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अनुमन्य सहायता बिना विलंब प्रदान की जाए। मृतक तेजराम आंधी के दौरान पेड़ की डाल गिरने से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

इसी तरह रायबरेली में उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने खीरों ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सहायता राशि वितरित की। इस दौरान जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति से प्रभावित लोगों को शासन द्वारा निर्धारित सहायता दी गई। साथ ही दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस मौके पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित नागरिकों के साथ योगी सरकार पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए। आपदा से प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसानों एवं ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन सतर्क एवं सक्रिय रहे।

फतेहपुर में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने मृतक परिवारों से मुलाकात कर उन्हें राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत 16 लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक सौंपा। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने परिजनों से कहा कि योगी सरकार इस दुख की घड़ी में आपके साथ खड़ी है। जिला प्रशासन और यूपी सरकार की तरफ से आपको हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मंत्री अजीत सिंह पाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से प्रभावित परिवारों को पात्रता के आधार पर जनपद में संचालित अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। वहीं प्रशासन ने बताया कि जनपद में कुल जनहानि और क्षति के मामलों में त्वरित आकलन कर राहत राशि जारी कर दी गई है।

वाराणसी में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए मकान क्षति, पशुहानि और घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध करा दी है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 9,26,000 रुपये की राहत राशि प्रभावितों तक पहुंचाई जा चुकी है। इस तरह मुख्यमंत्री के निर्देश पर गांव से लेकर शहर तक प्रशासन की सक्रियता ने यह संदेश दिया है कि संकट की घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है।