नकली मौनजारो इंजेक्शन की 70 लाख की खेप जब्त, ड्रग कंट्रोल विभाग की बड़ी कार्रवाई
- By Gaurav --
- Sunday, 19 Apr, 2026
Fake Mounjaro Injection Worth ₹70
ड्रग कंट्रोल विभाग ने नकली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाले मौनजारो इंजेक्शन की करीब 70 लाख रुपये की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने गुप्त सूचना के आधार पर टीम बनाकर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार यह खेप गुरुग्राम से दिल्ली की ओर ले जाई जा रही थी। जब्त किए गए इंजेक्शन की बाजार कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसे अवैध रूप से करीब 45 लाख रुपये में दिल्ली की दवा मंडी में सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों के मुताबिक यह इंजेक्शन मूल रूप से इटली की एक कंपनी द्वारा तैयार किया जाता है और इसका उपयोग डायबिटीज के मरीजों के इलाज में होता है। हालांकि हाल के समय में इसका दुरुपयोग वजन घटाने के लिए भी किया जा रहा है, जिससे इसकी अवैध मांग बढ़ी है।
फिलहाल विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली इंजेक्शन कहां से आए और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूरी सप्लाई चेन का पता लगाकर नेटवर्क पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ड्रग कंट्रोल अधिकारी अमनदीप चौहान ने लोगों से अपील की है कि वे दवाइयां केवल लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से बिल के साथ ही खरीदें और इंजेक्शन का बैच नंबर व पैकेजिंग जरूर जांचें। जब्त इंजेक्शन के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।