'सुशांत की तरह ही...' Sanchita Ugale की मौत के कारण पर भाई ने तोड़ी चुप्पी, बताया- एक्टर से क्या था कनेक्शन?

Kumkum Bhagya Sanchita Ugale

Kumkum Bhagya Sanchita Ugale

हैदराबाद: Kumkum Bhagya Sanchita Ugale: मनोरंजन की दुनिया में तेजी से बढ़ती पहचान के लिए जानी जाने वाली यंग टीवी एक्ट्रेस संचिता उगाले के दुखद निधन से टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर है. उनके अचानक निधन से उनके साथी कलाकार, दोस्त और फैंस गहरे सदमे में हैं. कई कलाकारों ने अपना दुख जाहिर किया है और इंडस्ट्री में काम करने वालों पर पड़ने वाले दबावों के बारे में अपने विचार साझा किए हैं. दिवंगत एक्ट्रेस संचिता उगाले के भाई, आकाश सतीश उगाले ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन के सुसाइड और 2020 में बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की असमय मौत के बीच कोई कनेक्शन है.

भाई का बयान

मीडिया के साथ एक खास बातचीत में उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी बहन और सुशांत दोनों ही इंडस्ट्री के भारी दबाव का सामना कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें यह कठोर कदम उठाना पड़ा. इतना ही नहीं, दोनों की मौत एक ही तारीख को हुई, बस 6 साल का अंतर था. उन्होंने बताया कि संचिता उगाले के सोशल मीडिया हैंडल पर आखिरी पोस्ट सुशांत सिंह राजपूत के बारे में ही था. उन्होंने रविवार को सुशांत की डेथ एनिवर्सरी पर उन्हें याद करते हुए एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था, 'इट्स अगेन 14 जून' (फिर से 14 जून आ गया है).

आकाश ने मीडिया को बताया, 'उन्होंने 14 जून 2020 को आत्महत्या किया था. क्यों? क्योंकि बॉलीवुड, यानी इस इंडस्ट्री ने उन पर बहुत दबाव डाला था, और उसी दबाव के कारण उन्होंने सुसाइड किया. ठीक उसी तरह, कल मेरी बहन ने भी उसी वजह से आत्महत्या की. मैं यही कह रहा हूं.'

6 सल के अंतर पर हुई इन दोनों अचानक मौतों के बीच कनेक्शन समझाते हुए उन्होंने आगे कहा, "बस 1 दिन पहले, यानी कल, उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी जिसमें लिखा था, 'इट्स अगेन 14 जून'. इसका मतलब है कि 14 जून फिर से आ गया है और कल ही उन्होंने भी सुसाइड कर लिया.'

टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना

सोमवार, 15 जून को टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने उन दिक्कतों के बारे में बताया जिनका सामना एक्टर्स को करना पड़ता है. उन्होंने कहा, 'एक और एक्टर ने आत्महत्या कर ली है. यह 30 साल पुरानी इंडस्ट्री है. चैनल को टीआरपी चाहिए, प्रोड्यूसर को बजट बचाना है और दर्शकों को एंटरटेनमेंट चाहिए. लेकिन , इसके पीछे सोचा है कि एक एक्टर पर क्या गुजरती है? एक छोटी सी बात - रिप्लेसमेंट. किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट. अगर आप किसी से बहस करते हैं और अपनी इज्जत बचाते हैं, तो रिप्लेसमेंट. या फिर आपके काम के दिन कम कर दिए जाएंगे. क्या आपने कभी सोचा है कि एक एक्टर किस दौर से गुजरता है? या वे लोग जो आत्महत्या कर रहे हैं... हर सुबह हम उम्मीद के साथ जागते हैं. एक ऑडिशन देते हैं और हर शाम रिजेक्शन के बाद सो जाते हैं.'

आंचल ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, 'हो सकता है कि इससे चैनल और प्रोड्यूसर नाराज हो जाएं, लेकिन सच तो यही है. मैं कैमरे के सामने मुस्कुराती हुई खड़ी रहती हूं, लेकिन अंदर एक तूफान चल रहा होता है. हर दिन हम अगले ऑडिशन, उस एक लाइन या अपने सपने को पाने की कोशिश में जागते हैं. जो चीज किसी को दिखाई नहीं देती,जिस पर कोई ध्यान नहीं देता, वह है हमारी थकान. रेलिवेंट बने रहने का प्रेशर और भुला दिए जाने का डर बहुत ज्यादा होता है. वे नहीं देखते कि हम बंद दरवाजों के पीछे कैसे टूट जाते हैं.'

'कुमकुम भाग्य' के लिए जानी जाने वाली संचिता उगाले की आत्महत्या से मौत हो गई है. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 22 साल की एक्ट्रेस ने नालासोपारा ईस्ट के अचोले गांव में साईं संतोषी बिल्डिंग स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली. यह घटना 14 जून को शाम 7:00 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई. अचोले पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर विनोद बाग ने बताया कि संचिता ने खुद को अपने बेडरूम में बंद कर लिया था और आत्महत्या कर ली.

सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग उन्हें वसई-विरार म्युनिसिपल हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले जांच रिपोर्ट तैयार की. अधिकारियों ने कहा है कि सभी संभावित पहलुओं से विस्तृत जांच की जा रही है.