जिला प्रशासन का एक्शन, अवैध मजार पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण मुक्त हुई सरकारी जमीन

जिला प्रशासन का एक्शन, अवैध मजार पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण मुक्त हुई सरकारी जमीन

District Administration Takes Action

District Administration Takes Action

विकासनगर (देहरादून)। District Administration Takes Action: जनपद में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है।

इसी क्रम में मंगलवार को तहसील विकासनगर प्रशासन ने शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित एक मजार और अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

प्रशासनिक जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी, जिस पर अवैध कब्जा कर मजार संचालित किया जा रहा था।

अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार नोटिस जारी करने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनपद की विभिन्न तहसीलों में चिह्नित अतिक्रमण स्थलों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने अधिकारियों को सरकारी भूमि पर नए अतिक्रमण की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने आमजन से भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।