गोल्डी बरार ने ली दिशा पाटनी के घर फायरिंग की जिम्मेदारी, बताया ये कारण
- By Bharat --
- Saturday, 13 Sep, 2025

firing at disha patni's house
Disha Patni House Firing Case : बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर में शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। बताया गया है कि दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने लगभग सात से आठ राउंड फायरिंग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। इस हमले में कोई हताहत तो नहीं हुआ है, लेकिन हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गोल्डी बरार ग्रुप ने ली है। गोल्डी बरार के गुर्गे रोहित गोदारा की आईडी से एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वारदात की जिम्मेदारी ली गई है। इस पोस्ट में स्वामी अनिरुद्धाचार्य व स्वामी प्रेमानंद पर गलत टिप्पणी को लेकर रोष जताया गया है। वहीं भविष्य में ऐसा करने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। सूत्रों के मुताबिक यह गोलीबारी दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी के हाल ही में हुए एक विवाद से जुड़ा हुआ है।
क्या है वो विवाद
दरअसल, खुशबू पाटनी ने कुछ समय पहले कथा वाचक अनिरुद्ध आचार्य को भला-बुरा कहा था। इस दौरान आरोप लगाया था कि कथा वाचक ने महिलाओं के खिलाफ 'महिला विरोधी टिप्पणी' की है। इतना ही नहीं खुशबू पाटनी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपलोड किए एक वीडियो में कहा था, 'अगर वह यानि कथा वाचक मेरे सामने होता तो मैं उसे सबक सिखा देती।
प्रेमानंद जी महाराज से जोड़ा कमेंट
हालांकि, उनके इस कमेंट को आध्यात्मिक हस्ती प्रेमानंद जी महाराज के नाम से भी जोड़ दिया गया। इसके बाद खुशबू पाटनी के कमेंट की काफी आलोचना भी हुई थी। वहीं आलोचना इतनी ज्यादा हो रही थी कि अगस्त में खुशबू ने कहा था कि उनकी टिप्पणी प्रेमानंद जी के लिए नहीं थी।
उधर, मामले में अभिनेत्रभ् के पिता एवं रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। उन्होंने बेटी खुशबू पाटनी के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़े विवाद को गलत ठहराते हुए कहा कि "खुशबू का जो बयान था उसे गलत ढंग से पेश किया गया है। उसका नाम गलत ढंग से प्रेमानंदजी महाराज से जोड़ा गया है। जगदीश पाटनी ने कहा कि हम सनातनी लोग हैं। हम अपने साधु संत और गुरूजी महाराज जी का पूरा सम्मान करते हैं।
पांच विशेष टीमें गठित
वहीं इस मामले की जांच कर रहे एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया, 'शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे, दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर पर गोलियां दागीं थी। वहीं परिवार ने दोपहर को पुलिस में सूचित किया, जिसके बाद हमले की घटना की जांच के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) सहित पांच विशेष टीमों को तैनात कर दिया गया है।