हिमाचल भाजपा में अनुशासनात्मक कार्रवाई, अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने पर कई नेताओं की सदस्यता निलंबित
Disciplinary Action in Himachal BJP
शिमला। Disciplinary Action in Himachal BJP, हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी की अनुशासन समिति ने जिला एवं मंडलों से प्राप्त शिकायतों पर गंभीर विचार-विमर्श करने के बाद इन गतिविधियों को अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की अनुशंसा के आधार पर नगर निगम धर्मशाला और नगर परिषद नाहन से संबंधित कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी संविधान के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
धर्मशाला के इन नेताओं पर कार्रवाई
नगर निगम धर्मशाला में वार्ड नंबर 2 से पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया, वार्ड नंबर 6 से पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर, वार्ड नंबर 8 से मंडल सचिव धर्मशाला (शहरी) सरोज गुलेरिया, वार्ड नंबर 14 से बूथ अध्यक्ष मितुल शुक्ला तथा वार्ड नंबर 1 से महिला मोर्चा मंडल सचिव (धर्मशाला शहरी मंडल) हिमांशी अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
नाहन में लीला सैनी की सदस्यता निलंबित
इसके अतिरिक्त नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 3 से लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित की गई है।
अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं
भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन और अनुशासन सर्वोपरि है तथा किसी भी स्तर पर अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध कार्य करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठनात्मक मर्यादा एवं अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
एकजुट होने का आह्वान
भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी हित और संगठनात्मक निर्णयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।