नगर विकास योजनाओं को रफ्तार देने के निर्देश, नई परियोजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रित
Directives Issued to Accelerate
लखनऊ। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगर योजना के तहत नए प्रस्ताव आमंत्रित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। योजना के तहत विश्वस्तरीय सड़कें, पानी की आपूर्ति और कचरा प्रबंधन योजनाओं का काम प्रमुखता से कराए जाने की बात कही है।
शनिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मंत्री ने पं. दीनदयाल योजना, स्मार्ट पालिका योजना, सेफ सिटी योजना, एयर क्वालिटी योजना, मलिन बस्ती योजना के साथ ही आदर्श नगर पंचायत योजनाओं का काम तेजी से आगे बढ़ाने के लिए निर्देश दिए।
उन्होने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष की जो योजनाएं किन्हीं कारणों से अधूरी रह गई हैं, उन्हें चालू वित्तीय वर्ष में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
अप्रैल और मई में सभी योजनाओं का प्रस्ताव लिए जाने और युद्धस्तर पर काम शुरू किया जाने पर विशेष बल दिया। अधिकारियों से कहा कि किसी भी फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की द्वितीय किस्त केंद्र सरकार से मिलने के साथ ही लाभार्थियों को जारी किया जाए, जिससे बारिश से पहले लाभार्थी अपने आवास का निर्माण पूरा करा सकें।
बैठक में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव रविंद्र कुमार, विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल व भानु त्रिपाठी के साथ ही अन्य अधिकारी उपस्थित थे।