उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिखा खींचने को बताया 'महापराध'
Deputy Chief Minister Brajesh Pathak
-
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिखा खींचने को 'महापराध' बताया।
-
पुलिस को बल प्रयोग के अन्य तरीके अपनाने चाहिए थे।
-
सीएम योगी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नियमों पर जोर दिया।
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पिछले दिनों प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ गंगा स्नान करने जा रहे बटुकों की शिखा खींचने को महापराध बताया।
कहा कि शिखा खींचने वालों को बहुत बड़ा पाप लगेगा। अगर पुलिस को बल प्रयोग करना था तो अन्य संसाधनों का प्रयोग करते। किसी की शिखा खींचकर उसका अपमान नहीं करना चाहिए था। वहीं, समाजवादी पार्टी भी इस मामले पर भाजपा को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही।
मंगलवार को एक न्यूज चैनल के कान्क्लेव में पहुंचे पाठक ने कहा कि बटुकों की शिखा खींचने वालों के खिलाफ कड़ी कारवाई होनी चाहिए। प्रयागराज में मौनी अमावस्या के दिन स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद स्नान के लिए जा रहे थे तो प्रशासन ने उन्हें बिना पालकी जाने के लिए कहा।
थोड़ी देर तक संवाद के बाद पुलिस ने बटुकों पर बल प्रयोग किया, जिसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई। स्वामी ने आरोप लगाया था कि उन्हें अपमानित किया गया।
इस मामले पर सीएम योगी ने भी विधानसभा में अपना दृष्टिकोण स्पष्ट करते हुए कहा था कि चार करोड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था सबसे ऊपर है। जहां भगदड़ की आशंका हो वहां नियमों एवं मर्यादाओं का पालन सबको करना चाहिए।