दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा: ISI लिंक वाले शाहज़ाद भट्टी मॉड्यूल के दो गुर्गे गिरफ्तार, NCR में हमलों की साजिश नाकाम
- By Gaurav --
- Tuesday, 21 Apr, 2026
Delhi Police Bust ISI-Linked Shahzad Bhatt
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शाहज़ाद भट्टी और ISI से जुड़े एक आपराधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी 21 वर्षीय राजवीर और 19 वर्षीय विवेक बंजारा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, खुफिया इनपुट के आधार पर पता चला था कि भट्टी और ISI के एजेंट भारत में अपने नेटवर्क के जरिए दिल्ली-एनसीआर में गोलीबारी, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे।
जांच के दौरान 31 मार्च को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसके बाद 16 अप्रैल को विवेक बंजारा को ग्वालियर के डबरा से गिरफ्तार किया गया, जिसे अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 18 अप्रैल को राजवीर को दिल्ली के सराय काले खां से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, राजवीर को शाहज़ाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर के किसी बड़े होटल पर फायरिंग करने का टास्क दिया गया था। दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।