दिल्ली में नकली टूथपेस्ट फैक्टरी का भंडाफोड़, मालिक गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Saturday, 04 Apr, 2026
Delhi Police Bust Fake Toothpaste Factory
दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में नकली टूथपेस्ट बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को एक टीम ने महावीर विहार स्थित एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से बड़ी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें, ब्रांड नाम लिखे टेप, गोंद, हीटिंग गन और अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। जब्त किए गए सामान की कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि फैक्टरी में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा था, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था। छापेमारी के दौरान छह मजदूर स्थानीय स्तर पर तैयार पेस्ट को एक प्रतिष्ठित ब्रांड की ट्यूब में भरते हुए पाए गए।
पूछताछ में मजदूरों ने बताया कि यह यूनिट रोहिणी निवासी 58 वर्षीय हरि ओम मिश्रा द्वारा संचालित की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को बिना लाइसेंस, बिल या वैध दस्तावेजों के किराए के परिसर से फैक्टरी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।