जमालपुर में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला, हेड कांस्टेबल पर दातर से वार, दो आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Thursday, 30 Apr, 2026
Deadly Attack on Police in
महानगर के जमालपुर इलाके में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए शरारती तत्वों ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला कर दिया। चौकी रामगढ़ के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक्टिवा सवार दो युवकों ने हेड कांस्टेबल दलवीर सिंह पर दातर से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना 29 अप्रैल की है, जब पुलिस टीम—जिसमें हेड कांस्टेबल दलवीर सिंह, पीएचजी सुरिंदर मोहन और पीएचजी गोल्डी शामिल थे—बुड्ढेवाल रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास गश्त पर थी। इसी दौरान संदिग्ध एक्टिवा (PB 10 JK 3552) पर सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस द्वारा घेराबंदी कर जांच शुरू करते ही पीछे बैठे आरोपी ने अचानक दातर निकालकर दलवीर सिंह के सिर पर 3-4 वार कर दिए।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल दलवीर सिंह को तुरंत फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान करन सिंह और गगनदीप के रूप में की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।